Lok Sabha Chunav: वोट डालने का निशान दिखाइए, गहनों पर छूट पाइए! कहां मिल रहे हैं ऐसे धमाकेदार ऑफर
Madhya Pradesh Lok Sabha Election: मध्य प्रदेश में पहले दो चरणों में मतदान प्रतिशत में अप्रत्याशित गिरावट को बचे हुए दौर में पूरा करने के लिए चुनाव आयोग से लेकर सिविल सोसाइटी तक पूरा जोर लगा रहे हैं। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए निर्वाचन अधिकारियों ने व्यापार संगठनों से भी मदद मांगी है।
मध्य प्रदेश में पिछले दो चरणों में 5 से 6% कम वोटिंग दर्ज की गई है। इसी वजह से मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करने के तरह-तरह के ऑफ दिए जा रहे हैं। इन ऑफरों में लकी ड्रॉ से हीरे की अंगूठी निकाले जाने से लेकर तीन दिनों तक मुफ्त बस यात्रा जैसे ऑफर भी शामिल हैं।

एमपी में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए व्यापक अभियान
राज्य में लोकसभा की 29 सीटें हैं। यहां पहले चार चरणों में मतदान पूरे होने हैं। इसलिए विभिन्न जिलों में जिला निर्वाचन अधिकारियों ने मतदान के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए सिविल सोसाइटी से लेकर व्यापार संघों की सहायता ली है।
एमपी में मतदान कीजिए, लकी ड्रॉ से अपनी किस्मत आजमाइए!
एमपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुपम रंजन ने ईटी को बताया है कि लोग मतदान करें, इसके लिए हर बूथ पर टी-शर्ट, टोपी, पेन और अन्य चीजों की लकी ड्रॉ निकाली जा रही है, ताकि ज्यादा से ज्यादा मतदान सुनिश्चित हो सके।
मेगा लकी ड्रॉ में हीरे की अंगूठी!
उन्होंने कहा, 'मुझे बताया गया है कि भोपाल में हीरे की अंगूठी की एक मेगा लकी ड्रॉ है....रतलाम के बारे में मुझे पता चला है कि कई ज्वेलरी एसोसिएशन ने कुछ छूट के ऑफर दिए हैं।' 'इसी तरह से पूरे राज्य में रेस्टोरेंट और फार्मासिस्टों की ओर से वोटिंग के बाद वाली सियाही लगी उंगली दिखाने पर डिस्काउंट दी जा रही है।'
इंदौर में वोटरों के लिए पोहा-जलेबी का इंतजाम
इंदौर में 13 मई को मतदान है। वहां सिविल सोसाइटी की ओर से सुबह में मतदान केंद्रों पर मतदान के बाद वोटरों के लिए मुफ्त में पोहा और जलेबी की व्यवस्था भी की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार कई जगहों पर व्यापार संघों की ओर से ओआरएस और छाछ भी वोटरों को उपलब्ध करवाया जाएगा।
एमपी में पैथोलॉजी लैब भी दे रहे हैं टेस्ट पर छूट
यही नहीं कुछ पैथोलॉजी लैब की ओर से भी यह ऑफर दिया गया है कि मतदान के निशान वाली उंगली दिखाएं और विभिन्न तरह के टेस्ट पर छूट पाएं। भोपाल और ग्वालियर में तो मंगलवार को तीसरे चरण में ही चुनाव है, जबकि इंदौर और रतलाम में 13 मई को वोटिंग होनी है।
एमपी में पहले दो चरणों में एमपी में 5-6% कम वोटिंग
राजन के अनुसार, 'पहले दो चरणों में एमपी में 5-6% कम वोटिंग हुई और उसके बाद हमने 'चलें बूथ की ओर' कैंपेन लॉन्च किया। और हम यह अभियान प्रत्येक बूथ पर चला रहे हैं।' उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह सब मतदान के प्रति समाज में जागरूकता लाने के लिए किया जा रहा है और इसे किसी भी तरह से मतदान के लिए रिश्वत देने की कोशिश नहीं समझा जाना चाहिए।
ग्वालियर में वोट डालिए और सिनेमा का मुफ्त टिकट पाइए!
ग्वालियर में पिछले चुनावों में भी कम मतदान एक चिंता की वजह रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी रुचिका चौहान का कहना है कि प्रशासन ने मतदाताओं को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया है।
उन्होंने कहा, 'वोट डालने के बाद मतदाताओं को चिट दिया जाएगा और वह लकी ड्रॉ में शामिल होंगे, इसमें इस्तेमाल करने लायक कई तरह की चीजें, जैसे कि मोबाइल चार्जर, ईयरफोन, और इसी तरह की अन्य कई चीजों से लकर मूवी के मुफ्त टिकट भी दिए जाएंगे।'












Click it and Unblock the Notifications