एग्जिट पोल पर बोले तेजस्वी, स्ट्रॉंग रूम पर कड़ी निगरानी रखें
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के बाद रविवार शाम अलग-अलग टीवी चैनलों की ओर से जारी किए गए एग्जिट पोल को राजद नेता तेजस्वी यादव ने खारिज कर दिया है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा है कि एनडीए की जीत दिखाकर भ्रम पैदा किया जा रहा है, जबकि जमीन पर इसका उलट है। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ता स्ट्रॉंग रूम पर कड़ी निगरानी रखें। बता दें कि रविवार शाम जारी किए गए एग्जिट पोल में एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिलने की बात कही जा रही है।
तेजस्वी ने किया ट्वीट
एग्जिट पोल पर तेजस्वी यादव ने ट्वीट किया है, एग्ज़िट से पहले बाज़ार की अपनी मजबूरियाँ एग्जिट पोल के नाम से बेची जाती हैं।संघ समर्थित संस्थानों और संसाधनों की मदद से वंचितो के मनोविज्ञान से खेलना इनका पुराना हथियार है।इसे ख़ारिज करें।हम जीत रहे है। स्ट्रोंग रूम पर कड़ी निगरानी रखे।गंदे खेल के माहिर लोगों की चाल कामयाब ना हो।

एग्जिट पोल में राजद की हार
रविवार शाम जारी किए गए एग्जिट पोल में बिहार में राजद, कांग्रेस और उसके सहयोगियों को राज्य की 40 सीटों में से 5-8 सीटें मिलने की बात कही गई है। जबकि एनडीए को 30 से 35 तक सीटें मिलने का अनुमान एग्जिट पोल में लगाया गया है। वहीं देशभर के लिए भी टाइम्स नाउ-VMR, सी वोटर, जन की बात, एबीपी, इंडिया टुडे, न्यूज नेशन ज्यादातर ने या तो एनडीए के आसानी से सरकार बना लेने की बात कही है या फिर बहुमत के करीब ही रहने के दावा किया है। कई एग्जिट पोल में एनडीए के 300 से ज्यादा सीटें हासिल करने की बात कही गई है।

कई दलों ने खारिज किए एग्जिट पोल
एग्जिट पोल को लेकर जहां भाजपा खुश नजर आ रही है, वहीं दूसरे दल इसे खारिज कर रहे हैं। यहां तक कि भाजपा की सहयोगी अन्नाद्रमुक ने भी एग्जिट पोल से अलग नतीजे आने की बात कही है। मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने एग्जिट पोल के नतीजों को लेकर कहा कि ऐसा नहीं होगा। वहीं आम आदमी पार्टी, टीएमसी की मुखिया ममता बनर्जी और कई दूसरे नेताओं ने भी 23 मई को असली नतीजे आने की बात कही है।
देश में 17वीं लोकसभा के लिए हुए आम चुनाव में सात चरण में वोटिंग हुई है। पहले चरण में 11 अप्रैल को 20 राज्यों की 91 सीटों पर वोटिंग हुई, दूसरे चरण में 18 अप्रैल को 13 राज्यों की 97 सीटों पर, तीसरे चरण में 23 अप्रैल को 14 राज्यों की 115 सीटों पर, चौथे चरण में 29 अप्रैल को 9 राज्यों की 71 सीटों पर, पांचवें चरण में 6 मई को 7 राज्यों की 51 सीटों पर, छठे चरण में 12 मई को 7 राज्यों की 59 सीटों पर वोटिंग हो चुकी है। वहीं सातवें और आखिरी फेज में 19 मई को 59 सीटों पर वोटिंग हुई। नतीजे 23 मई को आएंगे।
Exit Poll 2019: उमर अब्दुल्ला बोले-हर एग्जिट पोल गलत नहीं हो सकता












Click it and Unblock the Notifications