Lockdown-4: सोमवार से यूपी वालों को मिल सकती है कितनी छूट, सीएम योगी ने दिए संकेत
लखनऊ। कोरोना वायरस संकट में देशव्यापी लॉकडाउन के चौथे चरण को लेकर चर्चाओं का बाजार गरम है। आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 17 मई के बाद भी देश के 30 जिलों में लॉकडाउन का सख्त पहरा जारी रह सकता है। इनमें उत्तर प्रदेश के भी कुछ शहरों का नाम है जहां कोरोना वायरस का संक्रमण अधिक है। शनिवार को राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संकेत दिए हैं कि लॉकडाउन के चौथे चरण आम जनता के लिए ढील की गुंजाइश ना के बराबर है। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों को भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है।

सीएम योगी ने दिया ये संकेत
शनिवार को एक इंटरव्यू में कोरोना संकट पर बात करते हुए सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए यह चुनौती का समय है, यहां बाहर से बहुत सारे लोग आए हैं और हम नहीं चाहते कि महामारी का सामाजिक फैलाव हो। उन्होंने कहा, लॉकडाउन में ढील देना हमारे लिए कठिन होगा, क्योंकि जो प्रवासी मजदूर वापस आ रहे हैं हमें उनकी भी व्यवस्था करनी होगी। इस ममाले में हमने केंद्र सरकार को कुछ सुझाव भेजे हैं।

अभी नहीं खुलेंगे सार्वजनिक स्थान
मुख्यमंत्री योगी ने कहा, इस संकट की घड़ी में प्रदेश की जनता के लिए जो उचित होगा हम करेंगे। उन्होंने सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाले स्थानों को ना खोलने का संकेत देते हुए कहा, अभी ऐसे स्थानों को हम खोल दें, ऐसा मुझे नहीं लगता है। सीएम ने कहा, जितने भी प्रवासी अभी आए हैं या जो आ रहे हैं, वह हमारे अपने हैं, प्रदेश की ताकत हैं। हमें उनका भी ध्यान रखना है। प्रदेस में फिलहाल सवा तीन करोड़ लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा चुकी है।

लोग सहयोग करें तो मिलेगी मदद
सीएम योगी ने आगे कहा, अगर लोग केंद्र और राज्य सरकारों की अपील पर ध्यान दें, नियमों का पालन करें तो कोरोना से लड़ाई में कोई दिक्कत नहीं आएगी। राज्य के अपर मुख्य सचिव गृह अवस्थी ने बताया कि राज्य में 501 हॉटस्पाट हैं जहां रहने वाले 42.62 लाख लोगों को चिन्हित किया गया है। इन क्षेत्रों में अब तक 1815 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे क्षेत्रों में पुलिस को लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।

लॉकडाउन के चौथे चरण के लिए तैयरी
प्रमुख स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि प्रदेश में मास्क लगाकर न निकलने पर पहली और दूसरी बार 100 रुपए व तीसरी बार 500 रुपए का जुर्माना देना पड़ेगा। वहीं लॉकडाउन का उल्लंघन कर घर से बाहर निकलने पर पहली बार 100 रुपए से लेकर 500 रुपए तक का जुर्माना देना पड़ेगा वहीं दूसरी बार उल्लंघन करने पर 500 से 1000 रुपए का जुर्माना भरना पड़ सकता है।

नियमों के उल्लंघन पर भारी जुर्माना
अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि सार्वजनिक जगहों पर थूकने पर पहली और दूसरी बार में 100 रुपए व तीसरी बार 500 रुपए का जुर्माना भरना होगा। जुर्माने के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट और इंस्पेक्टर रैंक के पुलिस अफसर को अधिकृत किया गया है। प्रमुख स्वास्थ्य सचिव ने जानकारी दी कि दोपहिया वाहन पर एक शख्स सफर कर सकता है। अगर दो शख्स दोपहिया वाहन पर सफर करते पाये गये तो पहली बार में उनको 250 रुपए, दूसरी बार में 500 रुपए और तीसरी बार नियम का पालन नहीं करने पर 1000 रुपए जुर्माना लगाया जाएगा।
यह भी पढ़ें: यूपी में कोरोना के 195 नए मामले, लक्षण दिखे तो इस हेल्पलाइन पर फोन कर लीजिए घर बैठे मदद












Click it and Unblock the Notifications