दिल्ली सरकार के फैसले को LG की मंजूरी, शादियों में अब 50 से ज्यादा लोग नहीं होंगे शामिल
दिल्ली की शादियों में 50 मेहमानों की होगी अनुमति
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना की तीसरी लहर अपने चरम पर है। फेस्टिव सीजन के चलते दिल्ली में जिस तरह से कोरोना के मामले तेजी से बढ़े हैं, उसने सभी को डरा दिया है। एहतियात के तौर पर दिल्ली सरकार ने शादी समारोह में मेहमानों की संख्या 200 से घटाकर 50 करने का फैसला लिया था। अब इस फैसले को उपराज्यपाल अनिल बैजल ने आधिकारिक तौर पर मंजूरी दे दी है। बुधवार को अनिल बैजल ने दिल्ली सरकार के इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
Recommended Video

दिल्ली सरकार ने LG को भेजा था प्रस्ताव
अनिल बैजल की स्वीकृति के बाद दिल्ली में अब शादी समारोह में मेहमानों की संख्या की सीमा 50 रहेगी। इससे पहले दिल्ली सरकार ने मंगलवार को ये प्रस्ताव उपराज्यपाल को भेजा था। शादी समारोह में मेहमानों की संख्या 200 दिल्ली सरकार ने ही की थी और अब उस फैसले को सरकार ने वापस ले लिया है। अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि जब दिल्ली में कुछ सप्ताह पहले कोरोना की स्थिति में सुधार होने लगा था तो केंद्र सरकार के निर्देश पर हमने शादी में मेहमानों की संख्या को 50 से बढ़ाकर 200 कर दिया था, लेकिन अब इसे वापस लिया जा रहा है।
दिल्ली के व्यस्ततम बाजारों में लग सकता है लॉकडाउन!
आपको बता दें कि अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि दिल्ली में कोरोना की स्थिति भयावह होती जा रही है, इसलिए हम केंद्र सरकार को एक प्रस्ताव भेज रहे हैं, जिसमें ये मांग की गई है कि अगर आने वाले दिनों में हालात और खराब होते हैं तो हम दिल्ली के व्यस्ततम बाजारों को कुछ दिनों के लिए बंद कर सकते हैं। अरविंद केजरीवाल के इस प्रस्ताव के बाद इस बात की आशंकाएं बढ़ गई हैं कि क्या दिल्ली में आने वाले दिनों में 'मिनी लॉकडाउन' लग सकता है?












Click it and Unblock the Notifications