Kerala Rain: केरल के इडुक्की में बारिश का कहर, मुल्लापेरियार बांध खोला गया, जनजीवन बेहाल
Kerala Rain: केरल और तमिलनाडु में लौटते मानसून के सक्रिय होने की वजह से भारी बारिश ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। रविवार को इडुक्की जिले में तेज़ बारिश और भूस्खलन की घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। कई घरों और सड़कों पर पानी भर गया है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और जलभराव के कारण यातायात ठप पड़ गया और
कई इलाकों में बिजली व मोबाइल नेटवर्क बाधित है। प्रशासन ने भारी बारिश के कहर को देखते हुए लोगों से गैर-जरूरी यात्राएं टालने का आग्रह किया है। भारी बारिश की वजह से जलाशयों में पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है।

मुल्लापेरियार बांध से छोड़ा गया पानी
शनिवार रात से ही मुल्लापेरियार बांध से पानी छोड़े जाने के बाद इडुक्की जिले की कई निचली बस्तियों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। रविवार शाम 7 बजे बांध में जलस्तर 139.15 फीट दर्ज किया गया था। जलप्रवाह 9,521 क्यूसेक और निकासी 8,551 क्यूसेक बताई गई। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें: Kerala: कन्नूर में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में लगी भीषण आग, कई दुकानें जलकर हुईं खाक, बचाव में जुटे अग्निशमन कर्मी
Kerala Rain: इडुक्की सबसे ज्यादा प्रभावित
इडुक्की के कुमिली पंचायत क्षेत्र में भारी तबाही देखने को मिली है। भूस्खलन और मिट्टी के बहाव से गांव की कई सड़कें और घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। राहत दल मौके पर पहुंचकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हुए हैं। आम लोगों से नदियों और जलाशयों के किनारे नहीं जाने की अपील की गई है। इसके अलावा, प्रशासन ने अलर्ट रहने और यात्राओं को टालने का भी निर्देश दिया है। मछुआरों को भी नदी किनारे नहीं जाने का निर्देश दिया गया है। नदियों के आसपास के इलाकों को खाली कराया गया है।
तमिलनाडु के थेनी जिले में भी बारिश ने बरपाया कहर
केरल से सटे सीमावर्ती तमिलनाडु के थेनी जिले में भी भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कुमली घाट मार्ग पर भूस्खलन के चलते वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। सुरक्षा कारणों से सुरुली जलप्रपात को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। भारी बारिश के बाद प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम और उनके बेटे ओ.पी. रविंद्रनाथ ने रविवार को थेनी जिले के प्रभावित इलाकों का दौरा किया है। उन्होंने राहत कार्यों की समीक्षा की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से नदी किनारे न जाएं।
यह भी पढ़ें: Tamil Nadu News: सीएम स्टालिन, राज्यपाल और बीजेपी दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, जांच जारी












Click it and Unblock the Notifications