Kerala: कन्नूर में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में लगी भीषण आग, कई दुकानें जलकर हुईं खाक, बचाव में जुटे अग्निशमन कर्मी
Kannur fire incident: केरल के कन्नूर में गुरुवार शाम को बड़ा हादसा हुआ। कन्नूर के तालिपारम्बा निजी बस स्टैंड के पास स्थित एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में भीषण आग लग गई। खिलौनों की एक दुकान से शुरू हुई यह आग तेजी से आसपास की दुकानों में फैल गई। हालांकि अभी तक इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
इस घटना में लगभग 10 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। जिला अग्निशमन अधिकारी ने मीडिया को बताया कि आग बुझाने के लिए आठ दमकल गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया है। उन्होंने कहा, "हम आग को और दुकानों में फैलने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं। फोन कॉल मिलते ही अग्निशमन कर्मी मौके पर पहुंच गए थे और अब आग लगभग काबू में है।"

एनआई रिपार्ट के अनुसार अग्निशमन कर्मियों के अभियान के बीच पुलिस ने इलाके से लोगों को निकालने का प्रयास किया। समाचार चैनलों पर प्रसारित दृश्यों में, 'केवी कॉम्प्लेक्स' के नाम से पहचाना जाने वाला तीन मंजिला भवन आग की लपटों से घिरा हुआ दिखाई दिया। इस कॉम्प्लेक्स में स्टेशनरी, किताबों की दुकान, सुपरमार्केट और आभूषण सहित लगभग 50 दुकानें संचालित होती हैं।
हालांकि दमकल और बचाव सेवा की दो इकाइयां तुरंत मौके पर पहुंचीं, लेकिन वे आग पर काबू पाने में जूझी रही। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि आग बुझाने की कोशिश करते समय दमकलकर्मियों के पास पानी कम पड़ गया था।
फिलहाल, पांच दमकल इकाइयां आग बुझाने में लगी हैं। पायलन्नूर फायर स्टेशन से एक और इकाई आधुनिक उपकरणों के साथ इस मिशन में शामिल होगी। लोग भी पानी पंप करके आग बुझाने के काम में सहयोग कर रहे हैं। लोगों ने चिंता व्यक्त की है कि आग जल्द ही पास के बाजार में फैल सकती है।
दुकानदारों ने यह भी शिकायत की कि अतिरिक्त दमकल इकाइयों को तैनात करने के लिए न तो पुलिस और न ही जिला अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई की। आग कथित तौर पर शाम 5:30 बजे के आसपास लगी थी। घटना के बाद बस स्टैंड के करीब राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रतिबंध लगा दिए गए।












Click it and Unblock the Notifications