विपक्षी गठबंधन INDIA से जुड़े 26 राजनीतिक दलों का संयुक्त प्रस्ताव जारी, जानें खास बातें
विपक्ष की बेंगलुरु में दो दिवसीय बैठक आज खत्म हुई। सोमवार और मंगलवार को दो दिनों तक कुल 26 विपक्षी पार्टियों की बैठक चली। इस बीच सभी विपक्षी पार्टियों ने सामूहिक रूप से इस गठबंधन को भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन (INDIA) नाम रखा है। इसके साथ ही विपक्ष की अगली बैठक मुंबई में होगी।
सभी 26 पार्टियों ने बैठक के बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने इसके लिए सामूहिक संकल्प पत्र जारी किया है। जिसमें लिखा है कि भाजपा द्वारा योजनाबद्ध तरीके से हमारे गणतंत्र के चरित्र पर गंभीर हमला किया जा रहा है। हम उस मानवीय त्रासदी पर अपनी गंभीर चिंता व्यक्त करते हैं, जिसने मणिपुर को नष्ट कर दिया है।

प्रधानमंत्री की चुप्पी चौंकाने वाली है। हम संविधान और लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित राज्य सरकारों के संवैधानिक अधिकारों पर लगातार हो रहे हमले का मुकाबला करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम देश और संविधान को बचाने के लिए बीजेपी के खिलाफ लड़ेंगे। यह लड़ाई बीजेपी और उसकी विचारधारा के खिलाफ है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि इससे पहले एनडीए ने कभी कोई बैठक नहीं की। लेकिन विपक्ष की एकता को देख पीएम मोदी डर गए हैं। वे 30 दलों के साथ बैठक कर कर रहे हैं। मैंने भारत में इतनी पार्टियों के बारे में नहीं सुना है। हम यहां लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए एकत्र हुए हैं।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि आज पूरी मीडिया पर पीएम मोदी का कब्जा हो गया है। उनके इशारे के बिना कोई नहीं चलता। विपक्ष के नेताओं की आवाज को दबाया जा रहा है। वहीं, राहुल गांधी ने कहा कि यह लड़ाई भारत और नरेंद्र मोदी के बीच है। यह लड़ाई दो राजनीतिक संरचनाओं के बीच नहीं है, बल्कि लड़ाई भारत के विचार की रक्षा के लिए है।
यह भी पढ़ें- Opposition Meeting: विपक्षी दलों ने क्यों चुना 'INDIA' बनाम पीएम मोदी का रास्ता? कपिल सिब्बल ने बताई वजह












Click it and Unblock the Notifications