IRCTC Diwali-Chhath Ticket Booking: रेलवे के नए नियम से घर जाने में होगी आसानी, झट से मिलेगा कन्फर्म टिकट!
IRCTC Diwali-Chhath Train Booking: त्योहारों का मौसम आते ही लाखों प्रवासी लोग दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों से अपने घरों की ओर लौटने की तैयारी करने लगते हैं। दिवाली और छठ जैसे पर्वों पर तो बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ रहती है। हर साल टिकटों की कमी और लंबी वेटिंग लिस्ट यात्रियों की सबसे बड़ी परेशानी बनती है। लेकिन इस बार रेल मंत्रालय और IRCTC ने एक ऐसा नियम लागू किया है, जिससे यात्रियों को थोड़ी राहत मिलेगी।
अब 60 दिन पहले तक की टिकट बुक करने की सुविधा उपलब्ध है। यानी आज (18 सितम्बर 2025) से आप 16 नवम्बर 2025 तक की यात्रा की टिकट बुक कर सकते हैं। सबसे खास बात यह है कि यात्री अब अपने वापसी के टिकट भी पहले से बुक कर सकते हैं। ताकि त्योहार खत्म होने के बाद वापस लौटने में किसी तरह की समस्या न हो। साथ ही, 1 अक्टूबर से लागू होने वाले IRCTC के नए नियम से बुकिंग प्रक्रिया और भी सुरक्षित हो जाएगी।

IRCTC का नया नियम क्या है?
- अब सामान्य आरक्षित टिकट की बुकिंग यात्रा की तारीख से केवल 60 दिन पहले ही शुरू होगी।
- 1 अक्टूबर 2025 से नया प्रावधान लागू होगा: बुकिंग खुलने के पहले 15 मिनट तक टिकट केवल आधार वेरीफाइड IRCTC अकाउंट से ही बुक किए जा सकेंगे।
- यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि बुकिंग शुरू होते ही एजेंट या बॉट्स बड़ी संख्या में टिकट न ले सकें और आम यात्रियों को सही समय पर टिकट मिले।
ये भी पढ़ें: IRCTC का बड़ा अपडेट! 1 अक्टूबर से बदल जाएंगे ऑनलाइन टिकट बुकिंग के नियम, दलालों पर लगेगी लगाम
त्योहारों में घर वापसी का सुनहरा मौका
त्योहारों में सबसे ज्यादा भीड़ बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाली ट्रेनों में होती है। अब 60 दिन की विंडो खुलने से लोग आने-जाने दोनों तरफ की टिकट पहले ही ले सकते हैं। इससे बाद में टिकट की मारामारी और वेटिंग लिस्ट से बचा जा सकेगा।
बिहार और पूर्वी यूपी की प्रमुख ट्रेनें
त्योहारों के मौसम में पटना, वाराणसी, गोरखपुर, लखनऊ और चंपारण जैसे इलाकों के लिए सबसे ज्यादा डिमांड रहती है। यात्रियों को इन प्रमुख ट्रेनों पर नजर रखनी चाहिए:
- दिल्ली ↔ पटना (राजधानी एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति, श्रमजीवी एक्सप्रेस)
- दिल्ली ↔ वाराणसी (काशी-विश्वनाथ, शताब्दी, पूर्वांचल एक्सप्रेस)
- दिल्ली ↔ गोरखपुर (साप्ताहिक स्पेशल और नियमित मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें)
- दिल्ली ↔ लखनऊ (शताब्दी, अवध-गंगा एक्सप्रेस)
- दिल्ली ↔ मोतिहारी/हाजीपुर (चंपारण हमसफर, सप्तक्रांति एक्सप्रेस)
रेलवे हर साल त्योहारों में स्पेशल ट्रेनें भी चलाता है। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे IRCTC वेबसाइट और ऐप पर नियमित रूप से जानकारी चेक करते रहें।
यात्रियों के लिए जरूरी सुझाव
- IRCTC अकाउंट को आधार से वेरीफाई करें ताकि 1 अक्टूबर से लागू होने वाले नियम में कोई समस्या न हो।
- यात्रा की तारीख तय करने के बाद बुकिंग खुलने के दिन सुबह 8 बजे ही कोशिश करें, क्योंकि त्योहारों के टिकट बहुत तेजी से भरते हैं।
- यदि एक ट्रेन में कन्फर्म टिकट न मिले तो वैकल्पिक ट्रेन या स्पेशल ट्रेन की भी तलाश रखें।
- वापसी की टिकट भी साथ में बुक करें, ताकि त्योहारों के बाद लौटने में परेशानी न हो।
ये भी पढ़ें: IRCTC Budget Tour Package: इससे बेहतर ऑफर नहीं मिलेगा! बजट में करें शिरडी से लेकर भीमाशंकर जी के दर्शन












Click it and Unblock the Notifications