'पैगंबर पर बयान के खिलाफ भारत की कार्रवाई से संतुष्ट हैं मुसलमान', डच सांसद के बाद अब ईरान ने दिया बड़ा बयान
ईरान के विदेश मंत्री ने कहा है कि, पैगंबर पर विवादित टिप्पणी करने वालों पर भारतीय अधिकारियों ने जो कार्रवाई की है, उनसे वे संतुष्ट हैं।
नई दिल्ली, 9 जून : पैगंबर पर विवादित टिप्पणी का मामला थम नहीं रहा है और इन सबके बीच ईरान के विदेश मंत्री डॉक्टर हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियन 8 से 10 जून तक भारत के 3 दिवसीय दौरे पर हैं। ईरान के विदेश मंत्री राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल के सामने एक बार फिर ये मुद्दा उठाया।

Recommended Video

भारतीय अधिकारियों के रुख से संतुष्ट
ईरान के विदेश मंत्री डॉक्टर अब्दुल्लाहियन ने बुधवार को एक बयान जारी किया, इसके अंतर्गत पैगंबर मोहम्मद पर विवादित बयान के मामले में एनएसए अजीत डोभाल ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। ईरान ने अपने बयान में कहा है कि भारत सरकार दोषियों से इस तरह निपटेगी कि दूसरे लोगों को इससे सबक मिलेगा। विदेश मंत्री ने कहा कि वह टिप्पणी करने वाले दोषियों से निपटने में भारतीय अधिकारियों के रुख से संतुष्ट हैं।

ईरान के विदेश मंत्री ने भारत की प्रशंसा की
ईरान के विदेश मंत्री ने दैवीय आस्थाओं, विशेष रूप से पैगंबर मोहम्मद और देश में विभिन्न धर्मों के अनुयायियों के बीच धार्मिक सहिष्णुता, ऐतिहासिक सह-अस्तित्व और मित्रता के प्रति सम्मान के लिए भारतीय लोगों और सरकार की सराहना की। ईरानी विदेश मंत्री ने मुसलमानों की धार्मिक पवित्रता के प्रति संवेदनशीलता पर भी गंभीरता से ध्यान देने का आह्वान किया।

मुसलमान संतुष्ट हैं...
ईरान के विदेश मंत्री ने इसी विषय पर आगे कहा कि मुसलमान दोषियों से निपटने में भारतीय अधिकारियों के रुख से संतुष्ट हैं।

बीजेपी ने की थी कार्रवाई
बता दें कि, नूपुर शर्मा ने एक टीवी डिबेट में पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद विवाद काफी बढ़ गया था। साथ ही बीजेपी के एक और नेता नवीन जिंदल ने इसी विषय को लेकर टिप्पणी की थी. बीजेपी आलाकमान ने दोनों पर कार्रवाई की थी।

भाजपा के मूल विचार के विरोध में टिप्पणी
बीजेपी की तरफ से जारी पत्र में कहा गया कि, इस तरह की टिप्प्णी भाजपा के मूल विचार के विरोध में है। पार्टी से निलंबित होने के बाद नूपुर शर्मा ने टिप्पणी को लेकर माफी मांगी थी। उन्होंने कहा था, मैं अपने शब्द वापस लेती हूं, मेरी मंशा किसी को ठेस पहुंचाने की नहीं थी, अगर मेरे शब्दों से किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है तो मैं अपने शब्द वापस लेती हूं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले ईरान के विदेश मंत्री
ईरान के विदेश मंत्री ने अगस्त 2021 में पदभार ग्रहण किया था। इसके बाद भारत में उनकी यह पहली यात्रा है। एनएसए डोभाल के अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय विदेश मंत्री डॉक्टर एस जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी की। वार्ता के दौरान दोनों देशों के विदेश मंत्रियों ने भारत-ईरान संबंधों पर गहन चर्चा की।












Click it and Unblock the Notifications