'मेडिकल बिरादरी का अपमान', IMA ने टॉप डॉक्टर को बेड पर लिटाने वाले पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री का मांगा इस्तीफा
अमृतसर, 30 जुलाई। पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार के स्वास्थ्य मंत्री का बाबा फरीद चिकित्सा विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर को आपत्तिजनक ढंग से गंदे बेड पर लिटाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। डॉक्टरों की अखिल भारतीय संस्था इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री चेतन सिंह जोड़ामाजरा का इस्तीफा मांगा है।
Recommended Video

घटना शुक्रवार को हुई जब पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री जोड़ामाजरा बाबा फरीद चिकिस्ता विश्वविद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान मरीज का बेड गंदा मिलने पर स्वास्थ्य मंत्री ने वीसी राज बहादुर को उसी बेड पर लेटने को कहा। घटना से दुखी वीसी राजबहादुर ने अपना इस्तीफा दे दिया। वहीं इसका वीडियो भी सामने आ गया जिसके बाद डॉक्टरों की यूनियन ने इस पर कड़ा प्रतिरोध जताया है। विपक्षी दलों ने भी वीसी के साथ स्वास्थ्य मंत्री के व्यवहार की निंदा की है।
आईएमए ने इस घटना को 'सिर्फ वीसी राजबहादुर ही नहीं बल्कि पूरी मेडिकल बिरादरी का अपमान' बताते हुए पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री से उनके दुर्व्यवहार के लिए तत्काल बिना शर्त माफी और इस्तीफे की मांग की है। यही नहीं मेडिकल एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मामले में इस्तीफे की मांग की है।
आईएमए ने एक पत्र जारी किया है जिसमें कहा गया है कि सम्मानित वाइस चांसलर डॉ राजबहादुर को अस्पातल के गंदे बेड पर जबरन लिटाए जाने की घटना चौंकाने वाली और अनावश्यक थी। इसमें आगे कहा गया है कि डॉ. राजबहादुर जाने-माने शिक्षाविद और सम्मानित डॉक्टर हैं जिन्होंने बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी के लिए सराहनीय कार्य किया है।
क्या लिखा है पत्र में?
पत्र में लिखा गया है कि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री के 29 जुलाई 2022 के अपमानजनक कृत्य की निंदा करती है जिसमें बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी के वीसी डॉ राज बहादुर को अपमानित किया गया। यह सिर्फ वाइस चांसलर डॉ राज बहादुर का अपमान नहीं बल्कि पूरी मेडिकल बिरादरी का अपमान है।
आईएमए ने लिखा है "कई राजनेताओं द्वारा मेडिकल बिरादरी के अपमान और उत्पीड़न की इसी तरह की घटनाएं हुई हैं। इससे चिकित्सकों में रोष है। डॉक्टर की गरिमा और ऐसे वरिष्ठ व्यक्ति द्वारा किए गए कार्यों का सम्मान किया जाना चाहिए। आईएमए पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री से उनके दुर्व्यवहार के लिए तत्काल बिना शर्त माफी और इस्तीफे की मांग करता है।"












Click it and Unblock the Notifications