मंत्रालय में जासूसी- आम बजट के दस्तावेज भी लीक
नई दिल्ली। पेट्रोलियम मंत्रालय और फिर वित्त मंत्रालय में जासूसी का प्रकरण अब बड़ा रूप लेता नजर आ रहा है, क्योंकि जिस बजट के लिये 100 से ज्यादा अधिकारी कई दिनों तक वित्त मंत्रालय के दफ्तर में नजर बंद कर दिये जाते हैं, उसी बजट के महत्वपूर्ण बिंदु लीक होने की खबर है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इस बात का अंदेशा जताया है कि वित्त मंत्रालय से बजट के महत्वपूर्ण दस्तावेज लीक किये गये हैं।
दिल्ली पुलिस गिरफ्तार किये गये लोगों के पास से 3 डायरियां और 100 से ज्यादा ई-मेल आईडी बरामद कर चुकी है। इन सबको खंगाला जा रहा है, यह पता लगाने के लिये कि इस जासूसी के पीछे और कितने लोग हैं।
बताया जा रहा है कि इन सबके पीछे कॉर्पोरेट जगत की कंपनियां हो सकती हैं, क्योंकि उनके लिये ही ये सारी सूचनाएं महत्वपूर्ण हो सकती हैं। बजट से जुड़ी जानकारियां मिलने पर वो उसी के हिसाब से अपनी रणनीति तय कर सकती हैं। दो लोगों ने यह कबूल भी किया है कि जो कुछ भी जानकारी मिलती है वो उसे कॉर्पोरेट अधिकारियों को पास कर देते हैं।
अगला निशाना टेलीकॉम मंत्रालय
दिल्ली पुलिस कमिश्नर बस्सी ने कहा है कि जांच शुरू की जा चुकी है और इस प्रकरण में कई और लोग पकड़े जा सकते हैं। हो सकता है कई अन्य कॉर्पोरेट कंपनियां भी जांच के दायरे में अायें। वहीं दिल्ली पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि यह जांच सिर्फ दो मंत्रालयों तक सीमित नहीं रहेगी, अगला निशाना टेलीकॉम मंत्रालय हो सकता है।
डायरी में जितने भी नाम, पते, फोन नंबर और ई-मेल आईडी मिल रही हैं, पुलिस उनकी गहरायी से पड़ताल कर रही है। [पेट्रोलियम मंत्रालय का दफ्तर बंद होने के बाद डुप्लीकेट चाबी से घुसते थे जासूस]













Click it and Unblock the Notifications