लेह जा रही IndiGo की फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी, दिल्ली में हुई इमरजेंसी लैंडिंग,बीते 3 दिनों मे ये चौथी घटना
IndiGo flight : अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया क्रैश के बाद लगातार फ्लाइट्स की इमरजेंसी लैंडिंग की खबरें सुर्खियां बन रही हैं। गुरुवार सुबह भी ऐसी ही एक खबर ने लोगों को थोड़ा परेशान कर दिया, हालांकि वक्त रहते पायलट और एयरलाइंस ने सूझबूझ से काम लिया और वक्त रहते ही इमरजेंसी लैंडिंग करवाई, जिससे सभी यात्री सुरक्षित रह पाए।
मालूम हो कि ये घटना आज सुबह 6 बजे उस वक्त तब हुई जब दिल्ली से लेह जा रही इंडिगो की प्लाइट में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में 180 यात्री सवार थे, और सभी सुरक्षित हैं।

इंडिगो की दिल्ली-लेह फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग
इंडिगो की फ्लाइट 6ई 2006 ने दिल्ली से लेह के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद, विमान में तकनीकी खराबी का पता चला, जिसके बाद तत्काल इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया गया। विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारा गया। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद इंडिगो की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि विमान में किस प्रकार की तकनीकी खराबी आई थी।
भुवनेश्वर-कोलकाता IndiGo flight में भी आई थी तकनीकी खराबी
बुधवार को भी इंडिगो की भुवनेश्वर से कोलकाता जाने वाली फ्लाइट 6ई 6101 में भी उड़ान भरने से पहले तकनीकी खराबी का पता चला था। पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को इसकी सूचना दी, जिसके बाद एटीसी ने विमान को टेक-ऑफ रद्द करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए पार्किंग बे में वापस जाने का निर्देश दिया। विमान को तुरंत रनवे से हटा लिया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से उतारा गया।
कोच्चि-दिल्ली IndiGo flight को मिली थी बम की धमकी
इससे पहले, 17 जून को कोच्चि से दिल्ली जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को बम की धमकी मिली थी, जिसके चलते उसे नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी। विमान के कोच्चि से सुबह 9:31 बजे रवाना होने के तुरंत बाद एयरलाइन की आधिकारिक आईडी पर ईमेल के जरिए यह धमकी दी गई थी। उस समय विमान मस्कट से कोच्चि पहुंचा था। फ्लाइट में 157 यात्री और चालक दल के 6 सदस्य सवार थे।
इंडिगो की अन्य उड़ानों में भी आई परेशानी
16 जून को गोवा से लखनऊ जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान को भी उड़ान भरने के तुरंत बाद खराब मौसम के कारण गंभीर टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा था। हालांकि, एयरलाइन ने पुष्टि की कि विमान सुरक्षित रूप से उतर गया था। विमान में सवार यात्री तेज हवा से घबरा गए थे, लेकिन चालक दल सुरक्षित रूप से विमान को लैंड कराने में सफल रहा था।












Click it and Unblock the Notifications