भारत की पाक को दो टूक, नकारने से आतंकवाद पर कम नहीं होंगी भारत की चिंताएं
नई दिल्ली। 14 अगस्त को जहां एक ओर पाकिस्तान अपनी आजादी का जश्न मना रहा है तो वहीं दूसरी तरफ इसी मौके पर भारत की ओर से उसको आंतकवाद के मुद्दे पर करारा जवाब दिया गया है।

बुधवार को पाक की ओर से आए एक बयान के बाद भारत ने करारा जवाब देते हुए कहा है कि आतंकवाद पर सिर्फ नकारने से इससे जुड़ी भारत की चिंताएं दूर नहीं हो सकती हैं।
गौरतलब है कि पाक ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक टिप्पणी पर बयान दिया था कि पाक खुद आतंकवाद से पीड़ित है और उसने अपने कई नागरिकों को इसकी वजह से खो दिया है।
भारत के विदेश मंत्रालय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणियों पर पाकिस्तान के बयान पर कहा कि मात्र नकारने से आतंकवाद के बारे में हमारी चिंताएं दूर नहीं होंगी।
मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पाकिस्तान के साथ हमारे संबंधों की मूल चिंताओं पर साफ-साफ बोल रहे थे।
नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को लेह में पाकिस्तान पर भारत के खिलाफ परोक्ष जंग छेड़ने का आरोप लगाया था। इसके एक दिन बाद पाकिस्तान ने मोदी के बयानों को बेबुनियाद करार दिया और कहा कि दोनों देशों को आरोप-प्रत्यारोप में उलझने के बजाय मुद्दों को सुलझाने पर ध्यान देना चाहिए।
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय की प्रवक्ता तसनीम असलम ने कहा, सर्वोच्च राजनीतिक स्तर पर भारत की तरफ से आरोपों की प्रेस में आई खबरें बहुत दुर्भाग्यपूर्ण हैं और खासतौर पर ऐसे समय में जब पाकिस्तान का नेतृत्व भारत के साथ अच्छे पड़ोसी के संबंध स्थापित करना चाहता है।
उन्होंने एक बयान में कहा, मई में प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की भारत यात्रा इसी भावना के साथ की गई थी और उसने द्विपक्षीय रिश्ते को नए सिरे से गति प्रदान की।












Click it and Unblock the Notifications