HMPV Virus: क्या कोरोना की तरह तबाही मचा सकता है एचएमपीवी वायरस? कितना बड़ा है संकट? पढ़ें ये रिपोर्ट
HMPV Virus News: कोरोना के बाद चीन से निकला ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (एचएमपीवी) वायरस अब अन्य देशों में भी तेजी से पांव पसार रहा है। भारत में भी एचएमपीवी वायरस ने दस्तक दे दी। सोमवार को एक ही दिन में तीन मामले सामने आए, जिसमें कर्नाटक में दो बच्चे और एक बच्चा गुजरात में एचएमपीवी पॉजिटिव मिला। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) ने इसकी पुष्टि की। जिसके बाद भारत सरकार और राज्य सरकारों ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक सरकार ने एचएमपीवी वायरस को लेकर गाइडलाइन जारी की।

सबसे ज्यादा चिंता की बात ये है कि यह बच्चों को अपनी जद में ले रहा है। हालांकि, सरकार ने कहा है कि इस वायरस से घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन इस वायरस का खौफ दुनिया भर में देखा जा सकता है। सबके मन में यही डर है कि कहीं यह वायरस कोरोना की तरह तबाही न मचा दे? आखिर एचएमपीवी का संकट कितना बड़ा है? जानते हैं HMPV वायरस से जुड़े कुछ तथ्य व रिपोर्ट्स।
सिर्फ मौसमी इजाफा है, कोई बड़ा संकट नहीं!
चीन के वुहान में कोरोना वायरस (SARS-CoV-2) के प्रकोप के पांच साल बाद, चीन में सांस संबंधी बीमारियों के मामले बढ़ रहे हैं। इसके पीछे ह्यूमन मेटाडीनोवायरस (HMPV), इन्फ्लुएंजा और रेस्पिरेटरी सिंशियल वायरस (RSV) जैसे वायरस हैं। खासकर उत्तरी इलाकों में इन मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है, जो फ्लू सीजन के दौरान आम बात है। चीनी अधिकारियों का अनुमान है कि साल 2023 की तुलना में 2024 में मामलों में कमी देखी गई है।
WHO और CDC ने अब तक कोई अलर्ट जारी नहीं किया
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और अमेरिकी रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (CDC) ने इस स्थिति को लेकर कोई गंभीर चिंता नहीं जताई है। भारत के स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी इस बढ़ोतरी को सामान्य और मौसमी मान रहे हैं। हालांकि, एहतियातन तौर पर राज्य सरकारों ने गाइडलाइन जारी की है।
इस बढ़ोतरी का कारण?
HMPV सहित मौसमी वायरस इस बढ़ोतरी का करण हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारी इस बात पर जोर दे रहे हैं कि ये पैटर्न असामान्य नहीं है और पिछले फ्लू सीजन के ट्रेंड के अनुरूप है। स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि पूरी दुनिया में HMPV पहले से ही फैसला हुआ है। इससे जुड़ी बीमारियों के कई मामले अन्य देशों में भी सामने आए हैं, जो कि सामान्य ट्रेंड है।
चीन में क्या स्थिति है?
मीडियो रिपोर्ट्स के अनुसार, चीन में HMPV वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। सोशल मीडिया पर आए वीडियो में चीन के अस्पतालों में लोग मास्क् पहने हुए दिख रहे हैं। चीन के उत्तरी प्रांतों में एचएमपीवी के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। हालांकि, चीनी सरकार ने लोगों को शांत रहने के लिए कहा है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने कहा कि 'सर्दियों में श्वसन संक्रमण होना आम बात है'।
भारत सरकार- सतर्क रहें, पर घबराएं नहीं!
भारत सरकार का कहना है कि सांस संबंधी बीमारियों में ये बढ़ोतरी एक सामान्य मौसमी पैटर्न का हिस्सा है। इसलिए, अभी घबराने की कोई जरूरत नहीं है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश में इस वायरस की रोकथाम के लिए तमाम उपाय अपनाए जा रहे हैं। भारत श्वसन संबंधी बीमारियों में किसी भी संभावित वृद्धि से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। जरूरत पड़ने पर सार्वजनिक स्वास्थ्य उपाय तुरंत लागू किए जा सकते हैं। लेकिन, किसी को भी पैनिक होने की जरूरत नहीं है। अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें, खांसी, जुकाम, बुखार होने पर डॉक्टर से परामर्श लें।
HMPV Virus FAQs
- HMPV Virus के Symptoms
CDC के मुताबिक, HMPV के आम लक्षणों में खांसी, नाक बहना या बंद होना, बुखार, गले में खराश और सांस लेने में दिक्कत शामिल हैं। कुछ मामलों में संक्रमण ब्रोंकाइटिस, न्यूमोनिया, या अस्थमा जैसी बीमारियों को और भी खराब कर सकता है।
- HMPV से किसको ज्यादा खतरा है?
पांच साल से कम उम्र के बच्चे, खासकर शिशु, 65 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग, और कमजोर इम्यून सिस्टम वाले लोग या अस्थमा या COPD जैसी पुरानी सांस की बीमारियों से पीड़ित लोग ज्यादा जोखिम में हैं।
- HMPV कैसे फैलता है?
HMPV खांसी या छींक से निकलने वाली बूंदों के जरिए फैलता है, हाथ मिलाने या छूने-छूने से भी फैल सकता है, और दूषित सतहों को छूने के बाद मुंह, नाक या आंखों को छूने से भी फैल सकता है।












Click it and Unblock the Notifications