बीजेपी से टिकट कटने के बाद डॉ. हर्षवर्धन ने राजनीति को कहा अलविदा, इस वजह से लौटना चाहते हैं वापस...
पूर्व केंद्रीय मंत्री और मौजूदा भाजपा सांसद हर्ष वर्धन ने राजनीति छोड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने यह निर्णय भाजपा द्वारा लोकसभा चुनाव उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी करने के एक दिन लिया। लिस्ट में उनका नाम शामिल नहीं होने के बाद उन्होंने अगले दिन राजनीति से संन्यास की घोषणा की।
भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची में 195 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। लिस्ट में चांदनी चौक लोकसभा सीट से दो बार के सांसद हर्ष वर्धन को हटा दिया गया। उनकी जगह प्रवीण खंडेलवाल को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है।

'जड़ों की ओर वापस लौटने की अनुमति चाहता हूं'
उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "तीस साल से अधिक के शानदार चुनावी करियर में मैंने सभी पांच विधानसभा और दो संसदीय चुनाव लड़े, जो मैंने बड़े अंतर से जीते, और पार्टी संगठन और राज्य और केंद्र की सरकारों में कई प्रतिष्ठित पदों पर काम किया। अब मैं अपनी जड़ों की ओर वापसी के लिए अनुमति चाहता हूं।"
'मानव जाति की सेवा ही मेरा आदर्श वाक्य'
उन्होंने आगे लिखा, "पचास साल पहले जब मैंने गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करने की इच्छा के साथ जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर में एमबीबीएस में प्रवेश लिया तो मानव जाति की सेवा ही मेरा आदर्श वाक्य था। दिल से एक स्वयंसेवक बनकर, मैं हमेशा कतार के अंतिम व्यक्ति की सेवा करने की कोशिश करता रहा हूं। इस तरह मैं दीन दयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन को मानने वाला रहा हूं। तत्कालीन आरएसएस नेतृत्व के आग्रह पर मैं चुनावी मैदान आया। वे मुझे केवल इसलिए मना सके क्योंकि मेरे लिए राजनीति का मतलब हमारे तीन मुख्य शत्रुओं - गरीबी, बीमारी और अज्ञानता से लड़ने का अवसर था।"
हर्षवर्धन ने आगे लिखा, "मेरी एक अद्भुत पारी रही जिसके दौरान आम आदमी की सेवा करने को मैं जुनूनी तौर पर जुटा रहा। मैंने दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री के साथ-साथ दो बार केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के रूप में कार्य किया। यह विषय मेरे दिल के करीब है। मुझे पहले पोलियो मुक्त भारत बनाने की दिशा में काम करने और फिर COVID-19 के संक्रमण के दौरान उससे जूझ रहे हमारे लाखों देशवासियों के स्वास्थ्य की देखभाल करने का दुर्लभ अवसर मिला।"
'कृष्णा नगर में मेरा क्लिनिक मेरी वापसी का इंतजार कर रहा है'
अपने पोस्ट को अंतिम रूप देते हुए हर्षवर्धन ने लिखा, "मैं आगे बढ़ता हूं, मैं वास्तव में इंतजार नहीं कर सकता। मुझे वादे निभाने हैं.. और सोने से पहले मीलों चलना है!! मेरा एक सपना है.. और मुझे पता है कि आपका आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ रहेगा। कृष्णा नगर में मेरा ईएनटी क्लिनिक भी मेरी वापसी का इंतजार कर रहे हैं।"












Click it and Unblock the Notifications