Earthquake in Gujarat: कच्छ में 30 घंटे में 24 बार कांपी धरती, देश में किसी बड़े भूकंप के खतरे का संकेत
Earthquake in Gujarat: गुजरात के कच्छ जिले में शुक्रवार, 26 दिसंबर की सुबह 4.6 तीव्रता का भूकंप भले ही किसी बड़े जान-माल के नुकसान का कारण न बना हो, लेकिन इसने पूरे इलाके में चिंता की लहर जरूर दौड़ा दी। वजह सिर्फ एक झटका नहीं, बल्कि उसके बाद 30 घंटे के भीतर आए 23 आफ्टरशॉक्स और वैज्ञानिकों द्वारा तीन फॉल्ट लाइनों के एक साथ सक्रिय होने की पुष्टि है।
कच्छ वही इलाका है, जिसने साल 2001 के विनाशकारी भूकंप (7.7 तीव्रता) की त्रासदी झेली थी, जिसमें हजारों लोगों की जान गई थी और पूरा क्षेत्र तबाही में बदल गया था। ऐसे में ताजा घटनाएं पुराने जख्मों को फिर से हरा कर रही हैं।

तीन फॉल्ट लाइनें एक साथ सक्रिय, क्यों बढ़ी चिंता?
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार तड़के करीब 4:30 बजे आए मुख्य भूकंप के बाद शनिवार सुबह 9:45 बजे तक कुल 23 हल्के झटके दर्ज किए गए। ये सभी आफ्टरशॉक्स नॉर्थ वागड़ फॉल्ट लाइन से जुड़े पाए गए हैं, जिसे कच्छ क्षेत्र की सबसे सक्रिय फॉल्ट लाइन माना जाता है। इतनी कम अवधि में इतने ज्यादा झटकों का आना इस बात का संकेत है कि जमीन के भीतर लगातार भूगर्भीय हलचल बनी हुई है।
भूकंपीय डेटा के विश्लेषण में सामने आया है कि नॉर्थ वागड़ फॉल्ट, कथरोल हिल फॉल्ट, और गोरा डोंगर फॉल्ट तीनों लाइनें एक साथ सक्रिय हो गई हैं और यही सबसे बड़ा खतरा है। एक्सपर्टस की मानें तो, पहले भूकंपीय गतिविधियां मुख्य रूप से पारंपरिक फॉल्ट लाइनों तक सीमित थीं। लेकिन अब नए क्षेत्रों में हलचल का इस बात का संकेत है कि भूगर्भीय तनाव फैल रहा है। इन भूगर्भीय प्लेटों में हलचल की शुरुआत 2025 से ही दर्ज की जा रही है, जो भविष्य के लिए एक स्पष्ट चेतावनी है।
कच्छ पहले से ही हाई-रिस्क जोन क्यों है?
कच्छ भारत के सबसे संवेदनशील भूकंपीय क्षेत्रों में से एक है। यह इलाका 10 से ज्यादा फॉल्ट लाइनों पर स्थित है, जिनमें कच्छ मेनलैंड फॉल्ट, साउथ वागड़ फॉल्ट जैसी प्रमुख भूकंप संवेदनशिल प्लेटें शामिल हैं। 2001 का विनाशकारी भूकंप इन्हीं फॉल्ट लाइनों के टूटने का नतीजा था। लंबे समय तक गतिविधियां इन्हीं ज्ञात क्षेत्रों तक सीमित रहीं, लेकिन अब नए फॉल्ट सिस्टम का सक्रिय होना खतरे को और गंभीर बना रहा है।
क्या किसी बड़े भूकंप का संकेत हैं?
विशेषज्ञों का कहना है कि 1 से 3 तीव्रता के आफ्टरशॉक्स जमीन के भीतर जमा ऊर्जा को धीरे-धीरे बाहर निकालने में मदद करते हैं, जिससे तुरंत किसी बड़े भूकंप की संभावना कुछ हद तक कम हो सकती है। यहां समझने वाली बात यह है कि आफ्टरशॉक्स दबाव घटाते हैं, लेकिन कई फॉल्ट लाइनों का एक साथ सक्रिय होना अपने आप में खतरे का संकेत है। ये फॉल्ट भविष्य में बड़े भूकंप उत्पन्न करने की क्षमता रखते हैं, इसलिए इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता।
हालांकि 4.6 तीव्रता का भूकंप मध्यम श्रेणी में आता है, फिर भी इसके झटके पूरे कच्छ में महसूस किए गए। कई इलाकों में लोग डरकर घरों से बाहर निकल आए। वैज्ञानिकों के अनुसार, इसका मुख्य कारण भूकंप का केंद्र जमीन की कम गहराई पर होना था। कम गहराई पर आए भूकंप आमतौर पर ज्यादा तेज महसूस होते हैं।
खतरा सिर्फ कच्छ तक सीमित नहीं
भूकंप वैज्ञानिकों की चेतावनी और भी गंभीर है। अगर कच्छ में भविष्य में कोई बड़ा भूकंप आता है, तो उसका असर केवल इस जिले तक सीमित नहीं रहेगा। क्षेत्र की भू-आकृतिक बनावट को देखते हुए, पश्चिमी भारत के बड़े हिस्से-गुजरात के अन्य इलाके, राजस्थान और आसपास के क्षेत्र-भी तेज झटकों की चपेट में आ सकते हैं। इसलिए इसे केवल स्थानीय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर की चेतावनी माना जा रहा है।
विशेषज्ञों की सलाह: तैयारी ही सबसे बड़ा बचाव
विशेषज्ञों का मानना है कि भूकंप को रोका नहीं जा सकता, लेकिन नुकसान को कम किया जा सकता है। इसके लिए जरूरी है कि नियमित भूकंप मॉक ड्रिल, भवन निर्माण मानकों का सख्त पालन, स्कूलों और कॉलेजों में आपदा प्रबंधन को शिक्षा का हिस्सा बनाना।
कच्छ में आया ताजा भूकंप भले ही विनाशकारी न रहा हो, लेकिन उसके बाद की लगातार हलचल और तीन फॉल्ट लाइनों का एक साथ सक्रिय होना भविष्य के लिए गंभीर संकेत हैं। यह साफ है कि कच्छ आज भी उच्च भूकंपीय खतरे वाले क्षेत्र में बना हुआ है। ऐसे में वैज्ञानिक निगरानी, प्रशासनिक सतर्कता और आम लोगों की जागरूकता ही किसी बड़ी आपदा से बचाव का सबसे मजबूत रास्ता है।












Click it and Unblock the Notifications