गुलाम नबी आजाद का राहुल गांधी पर हमला- 'पीएम मोदी से गले मिलने वो गए थे, मैं नहीं'
नई दिल्ली, 29 अगस्त: कांग्रेस के पूर्व दिग्गज नेता गुलाम नबी आजाद ने आज फिर से राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि पीएम मोदी से मैं (आजाद)नहीं, वे (राहुल) मिले हुए हैं। उन्होंने कहा है कि उन्हें उनका घर (कांग्रेस) छोड़ने को मजबूर किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि मोदी तो सिर्फ एक बहाना हैं, उन्हें तब से मेरे साथ खुन्नस है, जब से जी23 ने चिट्ठी लिखी थी। उनका खासकर राहुल गांधी पर आरोप है कि वह नहीं चाहते थे कि कोई उन्हें कुछ लिखे, उनसे सवाल करे। आजाद का कहना है कि कई बैठकें हुईं, लेकिन उन्होंने एक भी सलाह को नहीं माना है।
Recommended Video

कांग्रेस नेतृत्व पर आजाद का प्रहार
पूर्व कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद ने आज एकबार फिर से कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ खुलकर अपनी भड़ास निकाली है। उन्होंने कहा है, 'मोदी तो एक बहाना हैं, जब से जी23 ने चिट्ठी लिखी थी तब से उन्हें मेरे साथ दिक्कत थी। वे कभी नहीं चाहते थे कि कोई उन्हें लिखे, उनसे प्रश्न पूछे......कई (कांग्रेस की) बैठकें हुईं, लेकिन एक भी सलाह नहीं मानी गई।'
मुझे मेरा घर छोड़ने को मजबूर किया- आजाद
करीब चार दशकों तक कांग्रेस से जुड़े रहने वाले गुलाम नबी आजाद का आरोप है कि 'मुझे अपने घर (कांग्रेस) से निकलने को मजबूर कर दिया गया। ' उन्होंने कहा है कि उनपर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने की बात की जाती है, लेकिन उन्होंने राहुल गांधी के बारे में कहा कि वे भूल जाते हैं कि लोकसभा में भाषण देकर कौन गले मिलने गया था? वो बोले कि 'मोदी से मैं नहीं, वे मिले हुए हैं।' आजाद का साफ कहना है कि वह कांग्रेस स नहीं निकले हैं, बल्कि उन्हें उन्हें ऐसा करने के लिए मजबूर किया गया है।
'कांग्रेस में अनपढ़ों की जमात है'
आजाद ने इसके साथ ही पीएम मोदी की सराहना भी की है। उन्होंने कहा कि वो तो उन्हें बड़ा क्रूर समझते थे, लेकिन वे ऐसे नहीं हैं और उन्होंने तो इंसानियत दिखाई है। उन्होंने साफ कहा कि मोदी साहब को समझने के लिए कोई उनकी स्पीच पढ़े, अगर किसी जाहिल को उनकी बात नहीं समझ आती है तो..... हालांकि, उनके निशाने पर राहुल गांधी ही ज्यादा हैं और सोनिया गांधी के स्वास्थ्य के बारे में उन्होंने कहा कि ईश्वर का शुक्र है कि वह अच्छी और स्वस्थ हैं। आजाद ने हाल ही में कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है और माना जा रहा है कि वह अपनी एक नई पार्टी बनाएंगे। आजाद ने अभी तक इन अटकलों की पूरी तरह से खारिज किया है कि वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे। आजाद ने बीजेपी में जाने के सवाल पर कहा है कि, 'कांग्रेस में अनपढ़ों की जमात है, खासकर जो कलर्क वाला काम करने को बैठे हैं.....जो जम्मू-कश्मीर को जानते हैं, मैं वहां बीजेपी की एक वोट नहीं बढ़ा सकता है, और ना ही वो मेरा एक वोट बढ़ा सकते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications