Pics: हिमाचल प्रदेश के शिमला और मनाली में हुई ताजा बर्फबारी, शीतलहर की चपेट में आएंगे दिल्ली, हरियाणा और पंजाब
नई दिल्ली, दिसंबर 17। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी इलाकों तक मौसम में पिछले 2 दिन के अंदर बहुत बड़ा बदलाव आया है और इसकी वजह है पहाड़ी इलाकों में शुरू हुई बर्फबारी। शुक्रवार को कई पहाड़ी इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। इनमें हिमाचल और उत्तराखंड के कई जिले शामिल हैं।

इन इलाकों में हुई बर्फबारी
शुक्रवार शाम को हिमाचल प्रदेश के मनाली और शिमला में ताजा बर्फबारी हुई, जिसने वहां कड़ाके की ठंड की शुरुआत कर दी। मनाली के अलावा भरमौर में भी सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। हिमाचल प्रदेश के अब कई जिले शीतलहर की चपेट में हैं।

उत्तर भारत आएगा शीतलहर की चपेट में
शिमला और मनाली के अलावा संजौली, नारकंडा, कुफरी, डलहौजी, डायनकुंड, कोठी और रोहतांग में भी बर्फ पड़ी है। पहाड़ों में आज हुई इस बर्फबारी का असर अब आने वाले दिनों में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में देखने को मिलेगा। इन राज्यों में पिछले 2-3 दिन से तापमान में तेजी से गिरावट आई है। अगले कुछ दिनों के अंदर अब पूरा उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में होगा। साथ ही घना कोहरा भी दस्तक देगा।

लाहौल-स्पीति में माइनस से नीचे पहुंचा तापमान
पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी से कई जगह पर तापमान माइनस से नीचे जा चुका है। लाहौल-स्पीति जिले के केलांग में शुक्रवार को तापमान माइनस से नीचे चला गया। केलांग में अधिकतम तापमान -4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आपको बता दें कि मौसम विभाग ने शिमला और मनाली ने शनिवार को मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। 21 दिसंबर तक प्रदेश के सभी क्षेत्रों में धूप खिली रहने का पूर्वानुमान है।












Click it and Unblock the Notifications