गुजरात: चुनाव अधिकारी जीप में EVM भूले, ड्राइवर वापस लेकर पहुंचा हेडक्वॉर्टर
अहमदाबाद। लापरवाही के चलते गुजरात के नर्मदा जिले के डेडियापाड़ा विधानसभा क्षेत्र में तैनात चुनाव अधिकारी पहले चरण के मतदान के दौरान वीवीपीएटी ईवीएम एक प्राइवेट जीप में 'भूल' आए। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी। जीप के ड्राइवर और डेडियापाड़ा के कुछ स्थानीय नेताओं ने तीन अलग-अलग थैले में पैक ईवीएम को देखा और इसे नर्मदा जिला मुख्यालय राजपीपला लेकर पहुंचे।

इस घटना के सामने आने के बाद निर्वाचन अधिकारी आरएस निनामा का कहना है कि यह ईवीएम 'अतिरिक्त' थी और इसका इस्तेमाल चुनाव में नहीं हुआ था। निनामा के मुताबिक, ईवीएम उन छह अतिरिक्त यूनिटों में शामिल थी, जिन्हें शनिवार को डेडियापाड़ा तालुका के कंजल गांव में भेजा गया था।
निनामा ने कहा, 'कंजल और पांच आसपास के गांवों में इस्तेमाल छह ईवीएम के साथ हमने छह अतिरिक्त ईवीएम भेजे थे, अगर कोई तकनीकी समस्या आती है तो उससे निपटा जा सके। क्षेत्रीय चुनाव अधिकारी चुनाव के बाद राजपीपला में इन सभी ईवीएम को सौंपने वाले थे, लेकिन ईवीएम को जीप में ही भूल गए। इसके बाद वे लौटने पर बाकी बचे ईवीएम को देर रात केंद्र पर सौंप गए।'
निनामा ने कहा, 'जीप का ड्राइवर डेडियापाड़ा से लौटने के बाद सुबह जीप में ईवीएम को देखा और डेडियापाड़ा के कुछ स्थानीय नेताओं को सूचित किया।' आधिकारियों ने परवाही दिखाने के मामले में संबंधित चुनाव अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।












Click it and Unblock the Notifications