नीरव मोदी पर ED ने कसा शिकंजा, बहन की मदद से UK बैंक अकाउंट से वसूले 17.25 करोड़ रुपए
नई दिल्ली, 1 जुलाई। भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अब शिकंजा कस लिया है। गुरुवार को ईडी ने उसकी बहन पूर्वा मोदी की मदद से नीवर मोदी की संपत्ति से 17.25 करोड़ रुपए की वसूली की। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) धोखाधड़ी मामले में पूर्वा मोदी और उनके पति मयंक मेहता का नाम जोड़े जाने की मंजूरी के बाद यह कार्रवाई की गई है। आपको बता दें कि नीरव मोदी 13,500 करोड़ रुपए के पीएनबी धोखाधड़ी मामले में मुख्य आरोपी है और फिलहाल लंदन की जेल में बंद है।

17.25 करोड़ रुपए की वसूली करने के बाद ईडी ने अपने एक बयान में कहा कि पूर्वा मोदी ने यूके के एक बैंक अकाउंट से भारत के बैंक खाते में 2316889.03 अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 17.25 करोड़ भारतीय रुपए ट्रांसफर किए हैं। मालूम हो कि नीरव मोदी के खिलाफ मामले में पूर्वा मोदी और उनके पति मयंक मेहता को शुरू में आरोपी बनाया गया था। हालांकि, 4 जनवरी, 2021 को कोर्ट ने इस शर्त पर उन्हें राहत दी कि वह नीरव मोदी मामले से जुड़े मामलों में जांच टीम की मदद करेंगे और कई अन्य पहलुओं का खुलासा करेंगे।
यह भी पढ़ें: भगोड़े नीरव मोदी को बड़ा झटका, UK हाईकोर्ट ने खारिज की प्रत्यर्पण रोकने की अर्जी
ईडी के बयान के अनुसार, '24 जून को पूर्वा मोदी ने ईडी को बताया कि उन्हें लंदन में एक बैंक खाते के बारे में पता चला है जिसे उनके भाई नीरव मोदी ने उन्हीं के नाम पर खुलवाया था। उस बैंक अकाउंट में पड़ी धनराशि से उनका कोई लेना देना नहीं है। ईडी ने आगे बताया कि पूर्वा मोदी को कोर्ट की तरफ से नीरव मोदी के संबंध में सही और सभी खुलासे करने की शर्त में आरोपों से माफी दी गई है, इसलिए उन्होंने अपने यूके बैंक खाते से भारत सरकार के बैंक खाते में 2316889.03 डॉलर (17.25 करोड़) की राशि भेजी है। पूर्वा मोदी की मदद से ईडी ने नीरव मोदी के खिलाफ अपराध की आय से लगभग 17.25 करोड़ रुपए की वसूली की।












Click it and Unblock the Notifications