AD-1 Missile: अब 5000 km दूर से दागी गई बैलिस्टिक मिसाइलों को तबाह कर सकता है भारत
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) को बुधवार को एक बड़ी कामयाबी मिली, जहां एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस (बीएमडी) इंटरसेप्टर एडी-1 मिसाइल (AD-1 Missile) के दूसरे चरण का सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया। इस परीक्षण को भारत के रक्षा सेक्टर के लिए काफी खास माना जा रहा है। अब डीआरडीओ चीफ ने दावा किया कि ये सिस्टम 5000 किमी से दागी गई दुश्मन की बैलिस्टिक मिसाइलों को नष्ट कर सकता है।

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) के अध्यक्ष समीर कामत ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि मिसाइल AD-1 बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा कवच के दूसरे चरण के विकास कार्यक्रम का हिस्सा है। ये आराम से दुश्मन देश की बैलिस्टिक मिसाइलों और कम-उड़ान वाले लड़ाकू विमानों को नष्ट कर सकता है। उन्होंने कहा कि डीआरडीओ ने शुरुआत में 2,000 किलोमीटर से आने वाली मिसाइलों को नष्ट करने के लिए चरण 1 की क्षमता विकसित की थी, लेकिन बुधवार को सफल परीक्षण से साबित हो गया कि ये क्षमता 5000 किलोमीटर की है।
कामत के मुताबिक अगर हमारे दुश्मन लंबी दूरी से निशाना बनाते हैं, तो अब हमारे पास इंटरसेप्ट करने की क्षमता है। ये बैलिस्टिक मिसाइलों के खिलाफ हमारी क्षमता में एक महत्वपूर्ण कदम है। ये मुख्य रूप से एंडो-एटमॉस्फेरिक है, लेकिन ये कम एक्सो-वायुमंडलीय क्षेत्र में भी काम करता है। हम उच्च बाह्य-वायुमंडलीय क्षेत्र के लिए समानांतर रूप से विकास कर रहे हैं। डीआरडीओ चीफ के मुताबिक 2025 तक हमें अपनी क्षमता साबित करने में सक्षम होना चाहिए, जिसमें इस एडी -1 मिसाइल के साथ-साथ उच्च एक्सो-वायुमंडलीय मिसाइल भी शामिल है। हमें भरोसा है कि ये 2025 तक तैयार हो जाएगी। एक बार सिस्टम विकसित हो जाने के बाद सरकार विभिन्न स्थानों पर इसकी तैनाती पर फैसला करेगी।












Click it and Unblock the Notifications