Bihar News: निर्बाध बिजली आपूर्ति को लेकर ऊर्जा विभाग सख्त, भीषण गर्मी में सुचारु सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश
अत्यधिक गर्मी के दौरान, बिहार ऊर्जा विभाग ने बिजली वितरण के लिए सख्त SOP अनुपालन को आगे बढ़ाया, जिसमें ट्रिप के प्रति त्वरित प्रतिक्रिया, वितरण ट्रांसफार्मर, खंभों और लाइनों के नियमित रखरखाव, और पर्याप्त संसाधनों को सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। फील्ड अधिकारियों को उपभोक्ताओं के लिए मुद्दों को तेज़ी से हल करने और आपूर्ति की गुणवत्ता बनाए रखने का काम सौंपा गया।
भीषण गर्मी के बीच राज्य में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर ऊर्जा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। ऊर्जा विभाग के सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (BSPHCL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अजय यादव ने बुधवार को बिजली आपूर्ति व्यवस्था और ट्रिपिंग की घटनाओं की समीक्षा के लिए फील्ड अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की।

बैठक के दौरान ऊर्जा सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिजली आपूर्ति से जुड़े सभी कार्य निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत किए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की बिजली बाधा या ट्रिपिंग की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
ऊर्जा सचिव ने वितरण प्रणाली को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर (DT), बिजली पोल, विद्युत लाइनों और अन्य अवसंरचनाओं के नियमित निरीक्षण एवं समयबद्ध रखरखाव पर विशेष जोर दिया। उन्होंने फील्ड स्तर पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित समाधान और बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बढ़ती गर्मी के कारण बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है, ऐसे में सभी आवश्यक संसाधनों और पर्याप्त मानवबल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा गया।
उपभोक्ताओं को राहत देने पर फोकस
बैठक में इस बात पर भी बल दिया गया कि बिजली आपूर्ति में अनावश्यक बाधा न आए और शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ट्रिपिंग या तकनीकी खराबी की स्थिति में त्वरित मरम्मत कार्य सुनिश्चित किया जाए। बैठक में साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड और नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications