'मेरी गर्भवती बेटी को मार दिया, 40 लाख में की थी शादी',बेंगलुरु में पंखे से लटकी मिली इंजीनियर, मचा हड़कंप
Dowry Harassment: पूरा देश अभी ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव की निक्की भाटी की मौत से उबर नहीं पाया था, जिसे तथाकथित दहेज दानवों ने जिंदा जला दिया था कि वहीं एक और 27 साल की आईटी प्रोफेशनल शिल्पा भी दहेज के लालचियों का शिकार हो गई है। ताजा मामला आईटी हब कहे जाने वाले बेंगलुरु का है, जहां के सुद्दगुंटेपाल्या में गर्भवती महिला इंजीनियर का शव उसके घर में लटकता हुआ मिला है।
महिला का नाम शिल्पा है, जो कि इंफोसिस में इंजीनियर थी और इन दिनों गर्भवती थी। पुलिस के मुताबिक शिल्पा के माता-पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसने आत्महत्या कर ली, क्योंकि उसके ससुराल वाले उसे दहेज के लिए लगातार परेशान करते थे और उसे मारते-पीटते भी थे।

पति प्रवीण को पुलिस ने किया गिरफ्तार (Dowry Harassment)
मृतक महिला के पति प्रवीण को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो खुद भी पूर्व सॉफ्टवेयर पेशेवर हैं। प्रवीण और शिल्पा की शादी करीब ढाई साल पहले हुई थी। उनका एक डेढ़ साल का बच्चा भी है और दोनों का दूसरा बच्चा शिल्पा के गर्भ में पल रहा था।
'प्रवीण के परिवार ने 15 लाख रुपये नकद और गहना मांगा था'
शिल्पा के माता-पिता ने अपनी शिकायत में बिलख-बिलखकर रोते हुए बताया कि 'शादी से पहले प्रवीण के परिवार ने 15 लाख रुपये नकद, 150 ग्राम सोने के गहने और घरेलू सामान की मांग की थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इन मांगों को पूरा करने के बावजूद, शादी के बाद भी शिल्पा पर लगातार अधिक पैसे और कीमती सामान के लिए दबाव डाला जाता रहा।

शिल्पा के चाचा चेन्नबासाया ने बताया कि 'हमने तीन साल पहले उसकी शादी बड़े धूमधाम से की थी। हमने अपना घर बेच दिया और शादी में 40 लाख रुपये खर्च किए। उस समय हमने उसे 160 ग्राम सोने के आभूषण भी दिए थे।'
दो सालों से वह पानी पूरी बेच रहा है प्रवीण (Dowry Harassment)
'शादी के बाद भी प्रवीण की मांगें जारी रहीं। कुछ महीने पहले, उसने हमसे 10 लाख रुपये और लिए थे। अब उनका डेढ़ साल का बच्चा है और वह फिर से गर्भवती थी। शादी के समय उसने बी.ई., एम.टेक ग्रेजुएट होने का दावा किया था, लेकिन पिछले दो सालों से वह पानी पूरी बेच रहा है।'
'मुझे शिल्पा की मौत पर शक है' (Dowry Harassment)
चेन्नबासाया ने शिल्पा की मौत की परिस्थितियों पर भी संदेह व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 'मुझे शिल्पा की मौत पर शक है, जिस कमरे में शिल्पा की लाश मिली , वहां कोई कुर्सी या कुछ भी नहीं रखा था। पंखा भी इतनी ऊंचाई पर नहीं था कि कोई आसानी से उस तक पहुंच सके, दरवाजे के टूटने के भी कोई निशान नहीं थे, मुझे तो उसके पति पर ही शक है।'
महिलाओं को प्रताड़ित करने वालों को सख्त से सख्त सजा मिले
इस घटना के सामने आते ही सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आई गई, लोगों ने पुलिस और सरकार दोनों से अपील की है कि इस तरह से महिलाओं को प्रताड़ित करने वालों को सख्त से सख्त सजा मिले जिससे किसी को भी इस तरह के काम करने की हिम्मत ना पड़े।
'उल्टा लटकाकर मार देना चाहिए' (Dowry Harassment)
तो एक यूजर ने लिखा, 'ऐसे झूठ बोलकर शादी करने वालों को तो उल्टा लटकाकर मार देना चाहिए, इस दुष्ट ने अपने बच्चे के बारे में भी एक बार नहीं सोचा।' फिलहाल घटना की जांच जारी है। शिल्लपा के ससुरालवालों को इस बारे में अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।












Click it and Unblock the Notifications