कांग्रेस के बड़े नेता का दावा, लोकसभा चुनाव से पहले मोदी को झटका दे सकते हैं नीतीश
नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अपने बयानों से हमेशा चर्चा में रहते हैं। इस बार दिग्विजय सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रमुख नीतीश कुमार को लेकर बड़ा दावा किया है। दिग्विजय सिंह ने कहा है कि नीतीश कुमार जल्दी ही पल्टी मार सकते हैं और एक बार फिर महागठबंधन में आ सकते हैं। अपने केस की तारीख पर सिविल कोर्ट में हाजरी लगाने पटना पहुंचे दिग्विजय सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार 2019 के लोकसभा चुनावों से पहले एक बार फिर बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए का साथ छोड़ सकते हैं।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि जद(यू) प्रमुख नीतीश कुमार सत्ता के बिना नहीं रह सकते और अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता चुनावों से पहले गिरती है तो वो एनडीए से गठबंधन तोड़ सकते हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा कि आखिर नीतीश कुमार को पलटी मारने में सिर्फ 24 घंटे लगते हैं और लोकसभा चुनाव अभी छह महीने दूर हैं। जब दिग्विजय से ये पूछा गया कि अगर ऐसा होता है तो क्या कांग्रेस उनका सहयोग लेगी तो सिंह का जवाब था कि संभावनाओं के खेल का नाम ही राजनीति है।

सीट बंटवारे में पेंच
दिग्विजय सिंह का ये बयान ऐसे वक्त में आया है जब चर्चा है कि बिहार में एनडीए के सहयोगियों के बीच लोकसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे को लेकर सहमति नहीं बन पा रही है। बिहार में बीजेपी, एलजेपी, आरएलएसपी और जेडी(यू) सहयोगी हैं। खबरों के मुताबिक बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से बीजेपी जेडी(यू) को एक दर्जन से ज्यादा सीटें देने के लिए राजी नहीं है जबकि जेडी(यू) 17 सीटों की मांग पर अड़ी है।
ये भी पढ़ें:- इस्तीफे की खबरों पर सामने आईं कांग्रेस सोशल मीडिया हेड राम्या, बताई सच्चाई!

नीतीश कुमार पर तंज
सी पी जोशी के 2013 में बिहार कांग्रेस का प्रभारी बनने से पहले दिग्विजय सिंह के पास ही ये जिम्मेदारी थी। दिग्विजय सिंह की नीतीश कुमार को लेकर ये टिप्पणी नीतीश पर तंज कसने की तरह भी देखी जा रही है क्योंकि नीतीश ने 2013 में भी बीजेपी से अपना 17 साल पुराना रिश्ता तोड़ दिया था। इसके बाद नीतीश अपने धुर विरोधी लालू प्रसाद यादव और कांग्रेस के साथ महागठबंधन में आ गए थे लेकिन पिछले साल फिर वापस एनडीए में लौट गए।

बीजेपी पर भी निशाना
दिग्विजय सिंह ने बीजेपी पर भी निशाना साधा। दिग्विजय ने कहा कि एससी/एसटी एक्ट और आरक्षण को लेकर अगड़ी जातियों का विरोध प्रदर्शन मोदी सरकार की नाकामियों को छुपाने की साजिश है। ये पूछे जाने पर कि पटना में अभी हाल में कांग्रेस का एक पोस्टर लगा था जिसमें राहुल गांधी समेत कांग्रेस के नेताओं की जाति का जिक्र किया गया था, इस पर सिंह ने कहा कि हमारा नारा हमेशा ये रहा है कि 'जात ना पात पर वोट पड़ेगा हाथ पर'।
ये भी पढ़ें:- 2019 लोकसभा चुनाव में 12 सांसदों के टिकट काट सकती है बीजेपी












Click it and Unblock the Notifications