Maharashtra New CM: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री की रेस में आगे निकले देवेंद्र फडणवीस!
Maharashtra New CM: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नए मुख्यमंत्री के दावेदारों में सबसे आगे हैं। महाराष्ट्र विधानसभा में महायुति समेत बीजेपी के ऐतिहासिक जीत के बाद वह लगातार तीसरी बार प्रदेश के सबसे प्रभावशाली और चुनाव जिताऊ नेता बनकर उभरे हैं। महायुति में बीजेपी के अलावा मौजूदा सीएम एकनाथ शिंदे की शिवसेना और उपमुख्यमंत्री अजित पवार की एनसीपी शामिल है।
सीएम पद की रेस में फडणवीस सबसे आगे-रिपोर्ट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीजेपी के कद्दावर नेता और डिप्टी सीएम फडणवीस महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर दावा किया जा रहा है कि फडणवीस के ही राज्य के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने की संभावना है।

दिल्ली में अमित शाह फाइनल कर सकते हैं डील!
कथित रूप से अजित पवार की एनसीपी ने बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व तक अपनी यह राय पहुंचा दी है कि फडणवीस को सीएम बनाने में उसे कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि, अभी तक शिंदे की शिवसेना की ओर से इसपर क्या राय सामने आई है, यह अस्पष्ट है।
इसे भी पढ़ें- Maharashtra New CM: सरकार गठन,मुख्यमंत्री के शपथग्रहण में देरी से क्या होगा, क्यों राष्ट्रपति शासन जरूरी नहीं?
दिल्ली के सियासी गलियारों में यह चर्चा है कि सोमवार की रात ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह महाराष्ट्र के नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं, क्योंकि शिंदे, फडणवीस और पवार पहले ही दिल्ली पहुंच चुके हैं। वैसे जानकार सूत्रों का कहना है कि इन नेताओं का दिल्ली आने का मकसद फिलहाल लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला की बेटी के रिसेप्शन में शामिल होना है।
दिन में संसद परिसर में भी संवाददाताओं के सवालों पर गृहमंत्री ने भी यही कहा था कि महाराष्ट्र के नेता इसी रिसेप्शन में शामिल होने के लिए आए हैं। वैसे सूत्रों ने भी संकेत दिया है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के मसले पर चर्चा के लिए कोई भी औपचारिक बैठक निर्धारित नहीं की गई है।
दो डिप्टी सीएम के साथ शपथ ले सकते हैं फडणवीस-रिपोर्ट
माना जा रहा है कि मंगलवार को एकनाथ शिंदे राज्यपाल से मिलकर इस्तीफा सौंप सकते हैं और मुख्यमंत्री के मुद्दे पर आखिरी फैसला होने तक कार्यवाहक सीएम के रूप में काम कर सकते हैं। सूत्रों का यह भी कहना है कि अगर फडणवीस मुख्यमंत्री बनते हैं तो शिवसेना और एनसीपी दोनों से एक-एक उपमुख्यमंत्री हो सकते हैं, और दोनों ही दलों को गृह और वित्त जैसे अहम विभाग दिए जा सकते हैं।
बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से सहयोगियों को पहले ही भरोसा दिया जा चुका है कि उनके हितों को हर संभव तरजीह दिए जाने की कोशिश की जाएगी।
देवेंद्र फडणवीस 2014 से 2019 के बीच पूरे कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री रह चुके हैं। तब भाजपा के साथ शिवसेना का गठबंधन था। 2019 के चुनाव में फडणवीस के नेतृत्व में बीजेपी गठबंधन फिर जीता,लेकिन तब उद्धव ठाकरे अपनी शिवसेना लेकर कांग्रेस और एनसीपी से मिल गए।
इसे भी पढ़ें- Maharashtra New CM: महाराष्ट्र का किंग कौन? शिंदे, फडणवीस या अजित पवार में कौन होगा डिप्टी CM?
उसके बाद भी फडणवीस ने अजित पवार के साथ मिलकर सरकार बनाई, जिसमें पवार उनके डिप्टी सीएम थे। लेकिन, यह सरकार 80 घंटों में ही गिर गई और फिर उद्धव कांग्रेस और एनसीपी के समर्थन से मुख्यमंत्री बन गए। 288 सीटों वाली महाराष्ट्र विधानसभा में महायुति या एनडीए को 234 सीटें मिली हैं।












Click it and Unblock the Notifications