Delhi Fog: घने कोहरे के कारण दिल्ली में आने-जाने वाली 51 ट्रेनें लेट, कई उड़ानों का समय बदला
Delhi Fog News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां रविवार को घना कोहरा छाया रहा, जिसकी वजह जीरो विजिबिलिटी हो गई। जीरो विजिबिलिटी हो जाने की वजह से 51 ट्रेनें देरी से चल रही हैं और कई उड़ानों का समय में परिवर्तन किया गया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के एक अधिकारी ने बताया, 'सुबह 4 बजे से सुबह 7.30 बजे तक पालम में दृश्यता शून्य रही और 8-13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पूर्वी हवाएं चल रही थी।' बताया कि शनिवार को 9 घंटे तक जीरो विजिबिलिटी की तुलना में, पालम में रविवार को अपेक्षाकृत कम 3.5 घंटे तक जीरो विजिबिलिटी रही।

आईएमडी के मुताबिक, शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री कम 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच, मौसम विभाग ने सोमवार के लिए सामान्य रूप से बादल छाए रहने तथा सुबह में बहुत हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है।
दक्षिण-पूर्व से आने वाली प्रमुख सतही हवा की गति शुरू में 4 किमी प्रति घंटे से कम रहने की उम्मीद है, जो दोपहर में बढ़कर 6-8 किमी प्रति घंटे हो जाएगी तथा शाम को फिर से कम हो जाएगी। अधिकांश क्षेत्रों में मध्यम कोहरा और धुंध छाए रहने की संभावना है, जबकि कुछ क्षेत्रों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
शाम और रात में उत्तर-पश्चिम से हवा की गति कम होने के कारण धुंध या हल्का कोहरा छाए रहने की उम्मीद है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 18 और 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। इस बीच, दिल्ली की वायु गुणवत्ता चिंताजनक बनी हुई है, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आ गई है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 339 दर्ज किया है। 0 से 50 के बीच का AQI 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।
ये भी पढ़ें: Delhi Rain Alert: दिल्ली में फिर होगी बारिश, सर्द हवाएं बढ़ाएगी दिल्लीवालों की टेंशन, जानें NCR के मौसम का हाल












Click it and Unblock the Notifications