कांग्रेस ने युवाओं को ड्रग्स के दलदल में झोंका, हम बनाएंगे नशामुक्त भारत, अमित शाह का सियासी प्रहार
Delhi Drugs Case: हरियाणा चुनाव के मद्देनजर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। हाल ही में दिल्ली से 5600 करोड़ रूपए की ड्रग्स जप्त होने में मामले में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। ज्ञात हो कि भाजपा ने गुरुवार को आरोप लगाया था कि ड्रग कारोबार से जुड़े इस बड़े खुलासे में गिरफ्तार मुख्य आरोपी को भारतीय युवा कांग्रेस की दिल्ली इकाई के सूचना का अधिकार प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया था।
आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि एक ओर जहां मोदी सरकार 'नशामुक्त भारत' के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है, वहीं उत्तर भारत से पकड़ी गई ड्रग्स की 5,600 करोड़ रुपए की खेप में कांग्रेस के एक प्रमुख व्यक्ति की संलिप्तता बेहद खतरनाक और शर्मनाक है।

ज्ञात हो कि पहले पुलिस ने भी बताया था कि मुख्य आरोपी के एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल के नेताओं के साथ कथित संबंध होने की जानकारी मिली है। भारत और विदेश के लगभग एक दर्जन लोग पश्चिम एशिया के देशों से भारत में प्रतिबंधित मादक पदार्थों की तस्करी के अंतरराष्ट्रीय गिरोह में कथित रूप से जुड़े थे।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस के शासन में ड्रग्स से पंजाब, हरियाणा और समग्र उत्तर भारत में युवाओं का जो हाल हुआ, वह सभी ने देखा है। मोदी सरकार युवाओं को खेल, शिक्षा और इनोवेशन की ओर ले जा रही है, तो वहीं कांग्रेस उन्हें ड्रग्स की अंधेरी दुनिया में ले जाना चाहती है। कांग्रेस नेता द्वारा अपने राजनीतिक रसूख से युवाओं को ड्रग्स के दलदल में झोंकने का जो पाप किया जाना था, उन इरादों को मोदी सरकार कभी पूरा नहीं होने देगी। हमारी सरकार, ड्रग्स के कारोबारियों का राजनीतिक पद या कद देखे बिना, ड्रग्स के पूरे तंत्र का विनाश कर 'नशामुक्त भारत' बनाने के लिए संकल्पित है।
कहां से उपजा विवाद?
बुधवार को पुलिस ने दक्षिण दिल्ली के महिपालपुर में एक गोदाम से 560 किलोग्राम से ज्यादा कोकीन और 40 किलोग्राम 'हाइड्रोपोनिक मारिजुआना' जब्त किया था। इसकी कीमत लगभग 5,620 करोड़ रुपये आंकी गई थी। इस प्रकरण में विशेष शाखा ने 4 लोगों दिल्ली निवासी तुषार गोयल (40), हिमांशु कुमार (27) और औरंगजेब सिद्दीकी (23) तथा मुंबई निवासी भरत कुमार जैन (48) को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने गोदाम में बोरियों में रखे गए 602 किलोग्राम से ज्यादा नशीले पदार्थ भी जब्त किए थे।
इस मामले की जांच ने खुलासा हुआ कि भारत में संचालित गिरोह के पीछे गोयल का दिमाग है। इस मामले के चारों आरोपी दिल्ली और बाकी महानगरों में कंसर्ट, रेव पार्टी आदि में बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बेचने की साजिश रहे थे। जांच के दौरान एक सोशल मीडिया खाते से गोयल की कई तस्वीरे मिली हैं, जिसमें वह कांग्रेस के नेताओं के साथ दिख रहा रहा है। गोयल ने अपना परिचय 'भारतीय युवा कांग्रेस, डीवाईपीसी के दिल्ली प्रदेश आरटीआई प्रकोष्ठ का अध्यक्ष' लिख रखा है। हालांकि इस मामले में युवा कांग्रेस ने एक बयान में बताया कि उसे पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए 17 अक्तूबर, 2022 को संगठन से निष्कासित किया जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications