कटक में दुर्गा पूजा हिंसा के बाद हड़कंप! 36 घंटे का कर्फ्यू, इंटरनेट बंद, सड़कों पर पुलिस का सख्त पहरा
Cuttack Curfew: ओडिशा के कटक शहर में दुर्गा पूजा मूर्ति विसर्जन के दौरान हुई हिंसा के बाद तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। हालात पर काबू पाने के लिए रविवार रात 10 बजे से 36 घंटे का कर्फ्यू लागू कर दिया गया है, जो 13 थाना क्षेत्रों में प्रभावी है। इसके साथ ही, अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए रविवार (5 सितंबर) शाम 7 बजे से शहर में इंटरनेट सेवाओं पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।
व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) सहित सभी सोशल मीडिया साइटों पर पाबंदी है। कर्फ्यू का असर CMC, CDA और बयालिश मौजा इलाकों में दिख रहा है। पुलिस अलर्ट मोड पर है और सड़कों पर लगातार गश्त की जा रही है।

कटक में कर्फ्यू और पाबंदियों का सख्ती से पालन
रात गुजरने के साथ ही सोमवार सुबह से कटक के विभिन्न इलाकों में कर्फ्यू (Curfew) को कड़ाई से लागू किया गया है। पुलिस सड़कों पर लगातार गश्त कर रही है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने नागरिकों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और बसों की आवाजाही कम करने की अपील की है।
इस दौरान मेडिकल और आवश्यक सेवाओं को कर्फ्यू से छूट दी गई है। पेट्रोल पंप, अस्पताल, मेडिकल स्टोर और किराना दुकानें खुली हुई हैं, ताकि लोगों को जरूरी सामान मिल सके। हालांकि, इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर और ब्रॉडबैंड सेवाओं पर भी रोक लगाई गई है। पुलिस आयुक्त एस. देवदत्त सिंह ने साफ कहा है कि हिंसा भड़काने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: Durga Puja: जेल में प्रकट 'मां दुर्गा'! जय-वीरू पर जेलर की नजर, कौन है मुस्लिम भाई, जिसकी सूई का बड़ा कमाल
इंटरनेट सेवा बंद
गृह विभाग ने विसर्जन के दौरान हुई झड़प के बाद उत्पन्न तनाव को देखते हुए इंटरनेट सेवाओं को निलंबित करने का निर्णय लिया। फिलहाल, कटक में सोमवार शाम 7 बजे तक इंटरनेट सेवा बंद रखने का निर्णय लिया गया है। स्थिति की समीक्षा के बाद कर्फ्यू की अवधि और पाबंदियों को घटाया या बढ़ाया जा सकता है।
नवीन पटनायक ने लोगों से शांति की अपील
कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कटकवासियों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि ओडिशा एक शांतिप्रिय राज्य के रूप में जाना जाता है। इस बीच, शहर के सभी सरकारी कार्यालय और एससीबी मेडिकल कॉलेज सामान्य रूप से खुले हैं, लेकिन पुलिस लगातार विभिन्न इलाकों में गश्त कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications