एवेन्यू सुपरमार्ट के संस्थापक ने पीएम केयर्स फंड में दिए 100 करोड़, PM मोदी बोले- मिलकर जीतेंगे जंग
नई दिल्ली। कोरोना वायरस से लड़ने में मदद के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों से पीएम केयर्स फंड में दान देने की अपील की थी। पीएम मोदी की इस अपील के बाद राजनेताओं, उद्योगपतियों, बॉलीवुड कलाकारों और खिलाड़ियों से लेकर आम लोग तक आगे आए हैं और कोरोना के खिलाफ जंग में आर्थिक मदद का ऐलान किया है। वहीं, एवेन्यू सुपरमार्ट्स के संस्थापक राधाकिशन दमानी ने पीएम केयर्स फंड में 100 करोड़ की राशि दान की है, जिसकी पीएम मोदी ने तारीफ की है।

पीएम मोदी ने राधाकिशन दमानी के योगदान के लिए उनकी तारीफ की है और ट्वीट कर कहा कि इस वक्त एकजुट होकर देश कोरोना के खिलाफ कामयाबी हासिल करेगा। पीएम मोदी ने लिखा कि जिस प्रकार ब्राइट स्टार्स इन्वेस्टमेंट जैसे क्षेत्रों से आए लोग इस महामारी के खिलाफ जंग को मजबूत कर रहे हैं, वो तारीफ के काबिल है।
राधाकिशन दमानी ने ना केवल PM-CARES फंड के लिए योगदान दिया है, बल्कि विभिन्न राज्यों के राहत कोषों को भी 55 करोड़ रुपए दिए हैं। यह दान उनकी ग्रुप कंपनी ब्राइट स्टार इन्वेस्टमेंट द्वारा दिया गया है। राज्य राहत कोष में महाराष्ट्र और गुजरात को 10 करोड़ रुपए, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, राजस्थान और पंजाब को 5 करोड़ रुपए दान किए हैं।
इसके अलावा कंपनी ने तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश को 2.5 करोड़ रुपए राज्य राहत कोष में दान किया है। दमानी ने कहा कि कोरोना संक्रमण के कारण भारत और पूरा विश्व आज अप्रत्याशित समय का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि हम सभी को कोरोना के खिलाफ योगदान देना चाहिए। बता दें कि भारत में कोरोना वायरस के कारण 377 लोगों की मौत हो चुकी है और देश में इस वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 11 हजार के पार पहुंच चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications