NEET 2026 Re-Exam Date: NEET एग्जाम की नई तारीख का ऐलान, 21 जून को परीक्षा, अगले साल से ऑनलाइन होगी नीट
NEET 2026 Re-Exam Date: नीट यूजी (NEET UG) 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद अब लाखों छात्रों का इंतजार खत्म हो गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने दोबारा होने वाली परीक्षा की नई तारीख का ऐलान कर दिया है। एजेंसी के मुताबिक, NEET UG 2026 का री-एग्जाम अब 21 जून 2026 को कराया जाएगा। अब बच्चों को एग्जाम में 15 मिनट पहले ज्यादा समय मिलेगा और 14 जून तक एडमिट कार्ड आ जाएंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि NEET अब अगले साल से ऑनलाइन होगी। NEET पेपर लीक पर धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पेपर लीक के दोषियों को पाताल से भी खोज निकालेंगे।
NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट जारी कर इसकी जानकारी दी। एजेंसी ने कहा कि भारत सरकार की मंजूरी के बाद दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया है। NTA ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या अनऑफिशियल जानकारी पर भरोसा न करें। परीक्षा से जुड़ी हर अपडेट सिर्फ NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर ही जारी की जाएगी।

पेपर लीक विवाद के बाद परीक्षा रद्द होने से देशभर के लाखों स्टूडेंट्स असमंजस में थे। अब नई तारीख सामने आने के बाद छात्रों के पास तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।
3 मई को हुई थी परीक्षा, 22 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स हुए थे शामिल
इस साल NEET-UG परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी। देशभर से करीब 22.79 लाख छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे। हालांकि पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद 12 मई को NTA ने परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया था। एजेंसी जल्द ही एडमिट कार्ड, एग्जाम सिटी और अन्य जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी कर सकती है। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे लगातार आधिकारिक अपडेट चेक करते रहें।
स्टूडेंट्स को दोबारा फॉर्म भरने की जरूरत नहीं
NTA ने साफ किया है कि छात्रों को री-एग्जाम के लिए दोबारा आवेदन नहीं करना होगा। इसके लिए कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। एजेंसी ने यह भी कहा है कि पहले जमा की गई फीस वापस कर दी जाएगी।
एग्जाम सेंटर भी नहीं बदलेंगे
री-एग्जाम में शामिल होने वाले छात्रों के लिए एक और राहत की खबर है। NTA के मुताबिक, पहले जारी किए गए परीक्षा केंद्रों में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। यानी उम्मीदवारों को उसी सेंटर पर परीक्षा देनी होगी, जो पहले आवंटित किया गया था।
एडमिट कार्ड पर जल्द आएगा अपडेट
NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा है कि नए एडमिट कार्ड जारी करने का शेड्यूल जल्द घोषित किया जाएगा। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक अपडेट पर ही भरोसा करें।
किसी भी जानकारी के लिए छात्र [email protected] पर मेल कर सकते हैं। इसके अलावा 011-40759000 और 011-69227700 नंबर पर संपर्क करके भी जानकारी ली जा सकती है।
NEET पेपर लीक पर धर्मेंद्र प्रधान का बयान: 'दोषियों को पाताल से भी ढूंढ निकालेंगे'
NEET-UG 2026 पेपर लीक विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) 15 मई को पहली बार मीडिया के सामने आए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने साफ कहा कि पेपर लीक मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा, "दोषियों को पाताल से भी ढूंढ निकालेंगे।"
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सरकार ने परीक्षा रद्द करने का फैसला बिना जांच के नहीं लिया। शुरुआती इनपुट मिलने के बाद एजेंसियों को तथ्यों की पुष्टि करने में 3 से 4 दिन का समय लगा। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती थी कि कोई भी छात्र बिना वजह परेशानी में न आए, इसलिए पूरी स्थिति समझने के बाद ही परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया।
धर्मेंद्र प्रधान ने साफ कहा कि यह सिर्फ एक परीक्षा का मामला नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि सरकार की लड़ाई सीधे "परीक्षा माफिया" के खिलाफ है और आने वाले समय में ऐसे नेटवर्क पर और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
धर्मेंद्र प्रधान के घर हुई हाईलेवल मीटिंग
NEET पेपर लीक मामले को लेकर 14 मई को केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan के आवास पर हाईलेवल बैठक हुई थी। परीक्षा रद्द होने के दो दिन बाद हुई इस मीटिंग में दोबारा परीक्षा कराने और आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। बताया जा रहा है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री आज इस पूरे मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी कर सकते हैं।
NEET पेपर लीक केस में अब-तक क्या-क्या हुआ?
- NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में जांच एजेंसियां लगातार एक्शन मोड में हैं। अब तक इस केस में कुल 7 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले की जांच कर रही CBI देशभर में जुड़े नेटवर्क और पेपर सप्लाई चेन की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
- दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने मामले में गिरफ्तार 5 आरोपियों को 7 दिन की CBI कस्टडी में भेज दिया है। एजेंसी अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पेपर लीक का नेटवर्क कितने राज्यों तक फैला हुआ था और इसमें कौन-कौन शामिल था।
राजस्थान से हरियाणा तक फैला नेटवर्क
- जांच में अब तक जिन लोगों की गिरफ्तारी हुई है, उनमें राजस्थान के सीकर निवासी मांगीलाल बिंवाल, जमवारामगढ़ के दिनेश बिंवाल और विकास बिंवाल शामिल हैं। इसके अलावा हरियाणा के गुरुग्राम निवासी यश यादव और महाराष्ट्र के नासिक से शुभम खैरनार को भी पकड़ा गया है।
- CBI जांच में सामने आया है कि शुभम खैरनार ने ही यश यादव तक पेपर पहुंचाया था। इसके बाद अलग-अलग राज्यों में पेपर की कॉपियां सर्कुलेट की गईं और कई छात्रों तक पहुंचाई गईं।
अहमदाबाद में शिक्षा मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन
पेपर लीक विवाद को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन भी तेज हो गए हैं। 14 मई को अहमदाबाद में NSUI कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाए और उनके काफिले को रोकने की कोशिश की। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।














Click it and Unblock the Notifications