नेशनल हेराल्ड केस: राहुल गांधी 13 जून को ED के सामने होंगे पेश, कांग्रेस निकालेगी सत्याग्रह मार्च
नई दिल्ली, 09 जून: नेशनल हेराल्ड केस (National Herald Case) में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी को नोटिस भेजा है, जिसके तहत कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी 13 जून को ईडी के सामने पेश होंगे। ऐसे में तरफ जहां राहुल गांधी की ईडी के सामने पेशी होगी तो दूसरी तरफ पार्टी इसी दिन अपना शक्ति प्रदर्शन करने वाली है।
Recommended Video

जानकारी के मुताबिक कोरोना संक्रमित होने के चलते कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी फिलहाल ईडी के सामने पेश नहीं होंगी, लेकिन राहुल गांधी की पेशी वाले दिन कांग्रेस अपने ताकत का प्रदर्शन करेगी। न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि 13 जून को कांग्रेस पूरे भारत के सभी राज्यों में ईडी कार्यालयों के सामने सत्याग्रह करेगी। ईडी के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए दिल्ली में सभी सांसद और सीडब्ल्यूसी मेंबर ईडी ऑफिस तक मार्च निकालेंगे।
राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस दिल्ली के एपीजे अब्दुल कलाम रोड स्थित ईडी ऑफिस तक मार्च निकालने की योजना बना रही है। ऐसे में पार्टी ने अपने सभी सांसदों और कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्यों को 13 जून को दिल्ली में मौजूद रहने को कहा है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने एएनआई न्यूज एजेंसी को बताया कि सभी सांसद को 13 जून को राजधानी दिल्ली में मौजूद रहने के लिए कहा गया है, जो कि राहुल गांधी के साथ ईडी कार्यालय की ओर मार्च करेंगे।
आपको बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राहुल गांधी को 13 जून को नेशनल हेराल्ड-एजेएल सौदे से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जांच में शामिल होने के लिए तलब किया है। कांग्रेस ने आरोपों को फर्जी और निराधार करार दिया है और राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को समन भाजपा की "बदले की राजनीति" बताया। इससे पहले राहुल गांधी को 2 जून को एजेंसी के सामने पेश होने के लिए बुलाया गया था, लेकिन उन्होंने नई तारीख मांगी क्योंकि वह उस वक्त विदेश में थे।












Click it and Unblock the Notifications