रोहित सरदाना के निधन पर कांग्रेस नेता ने लिखा कुछ ऐसा, संबित पात्रा बोले- 'एक दिन तो इंतजार कर लेते'
नई दिल्ली, 30 अप्रैल। कोरोना वायरस संक्रमित लोकप्रिय टीवी पत्रकार और एंकर रोहित सरदाना का शुक्रवार को निधन हो गया। 24 अप्रैल को 42 वर्षीय सरदाना की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, इसकी जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट कर दी थी। इसके छह दिन बाद ही उनकी मृत्यु हो गई। रोहित सरदाना के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सहित कई दिग्गज नेताओं और मीडिया संस्थानों ने शोक व्यक्त किया।

इसी बीच कांग्रेस नेता और पूर्व लोकसभा सांसद डॉ उदित राज ने पत्रकार रोहित सरदाना को श्रद्धांजलि देते हुए कुछ ऐसा लिख दिया जिसकी वजह से अब वह बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के निशाने पर आ गए हैं। उदित राज पर कई पत्रकार और सोशल मीडिया यूजर्स भी आपत्ति जता रहे हैं। कांग्रेस नेता उदित राज के ट्वीट पर बीजेपी नेता संबित पात्रा ने यहां तक कह दिया कि उन्हें मृत्यु के बाद दिवंगत आत्मा का सम्मान करना सीखना चाहिए।
उदित राज ने ट्वीट में ऐसे क्या लिखा?
दरअसल, सोशल मीडिया पर पक्ष-विपक्ष के नेता, पत्रकार और अन्य यूजर्स रोहित सरदाना को भावुक श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस नेता डॉ उदित राज ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'पत्रकार रोहित सरदाना नही रहे, श्रद्धांजलि। एक दिन सबको दुनिया से जाना है। सरदाना सरकार से नही विपक्ष से पूछते थे।सबक अन्य पत्रकारों के लिए तुम भी अमर नही हो,हो सके तो सरकार से पूछो कि 1 साल में क्या किया? एग्जिट पोल बंद करो।इतने से भी लाखों -करोड़ों की जिंदगी बच जाएगी।'
यह भी पढ़ें: रोहित सरदाना के निधन पर पीएम और राष्ट्रपति ने भी जताया दुख, कई दिग्गज हस्तियों ने प्रकट की संवेदनाएं
संबित पात्रा ने लिया आड़े हाथ
उदित राज के इस ट्वीट के बाद अब उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। बीजेपी नेता संबित पात्रा ने उन्हें आड़े हाथ लेते हुए कहा, 'एक दिन तो इंतज़ार कर लेते उदित जी ...अभी चिता भी नहीं जली और आप इस प्रकार की बातें? मृत्यु के बाद तो सम्मान देना सीखें दिवंगत आत्मा को ...आत्मा तो सास्वत है।' फिलहाल उदित राज की तरफ से संबित पात्रा के ट्वीट पर अभी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications