#2GSpectrum: देश से माफी मांगे विनोद राय, उन्हें शर्म आनी चाहिए-मनीष तिवारी
नई दिल्ली। आज देश के सबसे बड़े घोटाले में से एक कहे जा रहे 2जी घोटाले पर फैसला आया है, जिसमें सारे आरोपियों को बरी कर दिया है। पटियाला हाउस कोर्ट की स्पेशल सीबीआई अदालत कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि सरकारी वकील आरोप साबित नहीं कर पाए, जज ओपी सैनी ने कहा कि अभियोजन पक्ष यह साबित करने में नाकाम रहा है कि दो पक्षों के बीच पैसे का लेन देन हुआ है, वो एक भी सबूत पेश नहीं कर पाया और इसी वजह से आज सारे आरोपियों को बरी किया जाता है।

आपको बता दें कि एक लाख 76 हजार करोड़ के इस घोटाले में यूपीए सरकार में टेलीकॉम मिनिस्टर रहे ए. राजा और डीएमके नेता कनिमोझी समेत कई आरोपी बनाए गए थे। 2010 में कंप्ट्रोलर एंड ऑडिटर जनरल (CAG) रहे विनोद राय की रिपोर्ट में घोटाले का खुलासा हुआ था। जैसे ही कोर्ट ने फैसला सुनाया वैसे ही कनिमोझी और ए राजा के समर्थकों ने तालियां बजाना शुरू कर दिया।
मोदी सरकार पर वार
तो वहीं कांग्रेस ने इस फैसले के बाद जमकर मोदी सरकार पर वार किया है। कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने भी ट्वीट किया है कि श्री विनोद राय पूर्व कैग को देश से माफी मांगनी चाहिए। देश के सामने गलत और भ्रामक आंकड़े पेश कर उन्होंने दुष्प्रचार किया। 1.76 लाख करोड़ रुपए के घोटाले की जो रिपोर्ट उन्होंने बनाई थी, उसका खंडन मैंने जेपीसी के सामने किया था। जेपीसी की रिपोर्ट को कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है।
गुलाम नबी आजाद
तो वहीं राज्यसभा में कांग्रेस के नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि जिस घोटाले के आरोप पर हम विपक्ष में आए, वह घोटाला हुआ ही नहीं, उधर कपिल सिब्बल ने कहा है कि साबित हो गया कि विपक्ष के झूठ का घोटाला हुआ है, बिना किसी सबूत के UPA सरकार पर निराधार आरोप लगाए गए, बार-बार चिल्ला-चिल्लाकर झूठ को सच बनााया गया, आज दूध का दूध और पानी का पानी हो गया। कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि पूर्व सीएजी विनोद राय को देश से माफी मांगनी चाहिए। राज्यसभा में इस मामले पर जोरदार हंगामा हुआ।












Click it and Unblock the Notifications