दिल्ली में फिर शुरू होगा CJP का बड़ा आंदोलन? अभिजीत दिपके ने दिया 'जंतर-मंतर सीजन-2' का इशारा
Abhijeet Dipke CJP Season-2: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) एक बार फिर दिल्ली में विरोध प्रदर्शन की तैयारी करती नजर आ रही है। पार्टी प्रमुख अभिजीत दिपके ने 'जंतर-मंतर सीजन-2' का ऐलान करते हुए संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में CJP किसी नए मुद्दे को लेकर सड़क पर उतर सकती है। हालांकि, उन्होंने अभी यह साफ नहीं किया है कि अगला आंदोलन किस मुद्दे पर होगा।
दिपके दिल्ली में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक के लिए पहुंचे थे, लेकिन उनका दावा है कि बैठक के लिए तय हॉल की बुकिंग आखिरी समय में रद्द कर दी गई। उन्होंने इसके पीछे सत्ताधारी BJP के दबाव का आरोप लगाया। दिपके ने कहा कि इस तरह की कोशिशों से पार्टी और उसके कार्यकर्ता पीछे हटने वाले नहीं हैं।

'जंतर-मंतर सीजन-2' जल्द आएगा
दिल्ली में एक ओपन क्राउड मीटिंग के दौरान अभिजीत दिपके ने 'जंतर-मंतर सीजन-2' का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लोग लगातार पूछ रहे हैं कि CJP का अगला जंतर-मंतर आंदोलन कब शुरू होगा। दिपके ने कहा कि लोगों को जल्द ही इसका जवाब मिल जाएगा और जंतर-मंतर सीजन-2 शुरू होने वाला है। हालांकि, उन्होंने इस बार के आंदोलन के मुद्दे की जानकारी नहीं दी।
ये भी पढ़ें: CJP अब मांगेगी सुप्रीम कोर्ट के जज का इस्तीफा? महुआ मोइत्रा बनीं वजह! सौरभ दास ने ये क्या कह दिया?
बैठक के लिए नहीं मिला हॉल
दिपके के मुताबिक, CJP ने दिल्ली में अपने सदस्यों के साथ बैठक करने के लिए एक हॉल बुक किया था। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, यह बैठक नारायणा इलाके के एक बैंक्वेट हॉल में होनी थी। लेकिन बैठक से ठीक पहले बुकिंग रद्द हो गई। दिपके का आरोप है कि कार्यक्रम के आयोजकों को बताया गया कि हॉल के मालिक पर ऊपर से दबाव था, जिसके कारण CJP को वहां बैठक करने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली के दूसरे इलाकों में भी पार्टी को बैठक के लिए जगह लेने में परेशानी हुई।
'हमें डराने की कोशिश हो रही है'
CJP प्रमुख ने आरोप लगाया कि पार्टी को कार्यक्रम करने से रोकने के लिए हॉल मालिकों पर दबाव बनाया गया और उन्हें डराया-धमकाया गया। दिपके का दावा है कि जिस जगह बैठक की अनुमति मिली थी, वहां भी कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले दबाव डाला गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मालिकों को धमकी दी गई कि अगर CJP की बैठक होने दी गई तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
दिपके ने कहा कि BJP की इन कथित कोशिशों से यह साफ होता है कि वह युवाओं से डरती है। उन्होंने कहा कि चाहे कितनी भी धमकियां दी जाएं, CJP डरने वाली नहीं है।
BJP की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं
अभिजीत दिपके ने हॉल की बुकिंग रद्द होने के पीछे BJP पर सीधे आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों पर BJP की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। CJP प्रमुख ने अपने बयान में यह भी कहा कि पार्टी आगे भी अपने कार्यक्रम और बैठकें जारी रखेगी।
डेढ़ महीने चला था CJP का आंदोलन
इससे पहले CJP ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET UG 2026 पेपर लीक के खिलाफ करीब डेढ़ महीने तक विरोध प्रदर्शन किया था। यह प्रदर्शन CJP के बैनर तले हुआ था और इसमें अलग-अलग समय पर छात्रों और अन्य लोगों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन के दौरान सोनम वांगचुक ने भूख हड़ताल भी की थी। CJP अब एक बार फिर 'जंतर-मंतर सीजन-2' की बात कर रही है, लेकिन इस बार आंदोलन का मुद्दा क्या होगा, इसका खुलासा अभी नहीं किया गया है।
ये भी पढ़ें: 'मोदी तुम्हारे पापा हैं ना', 'PM की तेरहवीं' मनाने वाली नीशू का नया वीडियो वायरल, BJP समर्थकों का उड़ाया मजाक


Click it and Unblock the Notifications
