Citizenship Act: दिल्ली में प्रदर्शन के बीच कुछ इलाकों में इंटरेनट-कॉलिंग-SMS सुविधा बंद
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन एक्ट (CAA) के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन का दौर जारी है। राजधानी दिल्ली के भी कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है। लालकिला, मंडी हाउस समेत कुछ इलाकों में पुलिस ने धारा-144 लागू कर दी है। इसके तहत प्रभावित इलाके में 4 से ज्यादा लोग एक जगह इकट्ठा नहीं हो सकते। इस बीच खबर आ रही है कि दिल्ली के कुछ इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही कॉलिंग और एसएमएस सेवा को भी रोक दिया गया है। भारती एयरटेल की ओर से इस बात की जानकारी दी गई है।
Recommended Video

दिल्ली के कुछ इलाकों CAA को लेकर प्रदर्शन
दिल्ली में इंटरनेट-कालिंग और एसएमएस सेवा बंद किए जाने को लेकर टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल की ओर से जानकारी दी गई है। इसमें कंपनी ने कहा, 'हम सरकार से प्राप्त निर्देशों का पालन कर रहे हैं। दिल्ली में कुछ क्षेत्रों में इंटरनेट, कॉलिंग और एसएमएस सेवा सस्पेंड कर दी गई है।' कंपनी की ओर से ये भी जानकारी दी गई है कि एक बार इंटरनेट सस्पेंशन का आदेश हटा दिए जाने के बाद, सेवाएं फिर से संचालित हो जाएंगीं। एयरटेल के साथ-साथ वोडाफोन-आइडिया, रिलायंस जियो की ओर से भी दिल्ली में मोबाइल इंटरनेट, कॉलिंग, SMS की सुविधा बंद होने की जानकारी दी है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिए थे निर्देश
इंटरनेट-कॉलिंग सेवाएं सस्पेंड होने को लेकर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 18 दिसंबर को निर्देश दिया था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने निर्देश में कहा था कि कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए गुरुवार सुबह 9 बजे से दिन के एक बजे तक मंडी हाउस, सीलमपुर, जाफराबाद, मुस्तफाबाद, जामिया नगर, शाहीन बाग और बवाना में वॉयस कॉलिंग, एसएमएस और इंटरनेट सेवाएं रोक दी जाएंगी।
इंटरनेट-कॉलिंग-एसएमएस सेवा सस्पेंड, कई मेट्रो स्टेशन बंद
वहीं, दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) ने स्थिति को देखते हुए 17 मेट्रो स्टेशन के एंट्री और एग्जिट गेट बंद कर दिए हैं। यानी इन स्टेशनों पर यात्रियों को उतरने और चढ़ने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे में इन मेट्रो स्टेशन परर ट्रेन नहीं रुकेगी। जिन स्टेशनों में एंट्री-एग्जिट बंद किया गया है, उनके नाम हैं- जामिया मिलिया इस्लामिया, जसोला विहार, शाहीन बाग, मुनिरका, लाल किला, जामा मस्जिद, चांदनी चौक, विश्व विद्यालय, पटेल चौक, लोक कल्याण मार्ग, उद्योग भवन, आईटीओ, प्रगति मैदान, केंद्रीय सचिवालय, खान मार्केट, मंडी हाउस और बाराखंभा मेट्रो स्टेशन।
कई मेट्रो स्टेशन किए गए बंद, प्रियंका गांधी ने किया ये ट्वीट
वहीं दिल्ली में कई मेट्रो स्टेशन को बंद करने और कुछ इलाकों में इंटरनेट सेवाओं को सस्पेंड किए जाने को लेकर कांग्रेस नेता और पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, 'मेट्रो स्टेशन बंद हैं। इंटरनेट बंद है। हर जगह #Section144 है। किसी भी जगह आवाज उठाने की इजाजत नहीं है। जिन्होंने आज टैक्सपेयर्स का पैसा खर्च करके करोड़ों का विज्ञापन लोगों को समझाने के लिए निकाला है, वही लोग आज जनता की आवाज से इतना बौखलाएँ हुए हैं कि सबकी आवाजें बंद कर रहे हैं। मगर इतना जान लीजिए कि जितना आवाज दबाएंगे उतनी तेज आवाज उठेगी।'
इसे भी पढ़ें:- Delhi Traffic Alert Today: पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, दिल्ली आने के लिए इन रास्तों का ना करें इस्तेमाल












Click it and Unblock the Notifications