अब NDA में चाचा-भतीजे का घमासान, चिराग बोले- हाजीपुर से ही लड़ूंगा चुनाव, पशुपति का जवाब- विश्वासघात मत करो...
Chirag Paswan Vs Pashupati Kumar Paras: बेंगलुरु में दो दिवसीय विपक्ष की बैठक को देखते हुए एनडीए भी अपनी ताकत बढ़ाने के लिए आज दिल्ली में बैठक कर रहा है। एनडीए ने अपने सभी घटक दलों को बैठक के लिए आमंत्रित किया है। एनडीए बैठक से पहले चिराग पासवान और उनके चाचा में घमासान मच गया है।
हाजीपुर सीट को लेकर लड़ाई
हाजीपुर सीट के लिए दोनों के बीच टकराव बढ़ गया है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने दावा से कहा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में हाजीपुर सीट से हमारी पार्टी का उम्मीदवार चुनाव लड़ेगा।

भतीजे के बयान पर क्या बोले चाचा
वहीं, उनके चाचा और केंद्रीय मंत्री व राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (आरएलजेपी) के प्रमुख पशुपति कुमार पारस का कहना है कि हाजीपुर से चुनाव लड़ने का उनका दावा निराधार है। उन्होंने कहा कि मैं उन्हें सलाह देना चाहूंगा कि उन्हें अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के साथ विश्वासघात नहीं करना चाहिए और अपनी वर्तमान सीट से चुनाव लड़ना चाहिए।
क्या है चिराग पासवान का लक्ष्य
बैठक से पहले चिराग पासवान ने कहा कि एनडीए में सब कुछ ठीक है। लंबे समय से बातचीत चल रही थी। हमारी कुछ चिंताएं थीं और इस पर बहुत सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक ढंग से चर्चा हुई। एक समझौता हुआ है। हमारा लक्ष्य 2024 का लोकसभा और 2025 का बिहार चुनाव है। मैं हाजीपुर से चुनाव लड़ूंगा।
महागठबंधन पर क्या बोले चिराग पासवान
वहीं, चिराग पासवान ने कहा कि बिहार की जनता 'महागठबंधन' को स्वीकार नहीं कर रही है। 2024 में एनडीए बिहार की सभी 40 सीटें जीतेगी और 2025 में बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी।
'विपक्ष कभी एकजुट नहीं हो पाएगा'
केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने कहा कि हमें एनडीए की बैठक में आमंत्रित किया गया है। हमारी पार्टी के सांसद चंदन सिंह और हम बैठक में शामिल होंगे। तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के लिए देश की जनता पीएम मोदी का इंतजार कर रही है। लोकसभा चुनाव 2024 में एनडीए को दो-तिहाई बहुमत मिलेगा। उन्होंने विपक्ष की बैठक पर हमला करते हुए कहा कि पटना बैठक में शामिल हुए 17 विपक्षी दलों में से 3 अब एनडीए में शामिल हो गए हैं। विपक्ष कभी एकजुट नहीं हो पाएगा।
यह भी पढ़ें- हरियाणा: दुष्यंत चौटाला बोले, एनडीए की बैठक में शामिल होगी जननायक जनता पार्टी












Click it and Unblock the Notifications