'सोचा था नई पार्टी बनाऊंगा', BJP में शामिल होने से पहले चम्पाई सोरेन ने JMM पर साधा निशाना
Champai Soren BJP: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और आदिवासी दिग्गज नेता चम्पाई सोरेन आज शुक्रवार 30 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने वाले हैं। भाजपा में शामिल होने से पहले चम्पाई सोरेन ने रांची में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और सीएम हेमंत सोरेन पर निशाना साधा है। झारखंड विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ये जेएमएम के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
चम्पाई सोरेन ने कहा, ''मैंने 18 अगस्त को ही अपने खून-पसीने से बनाई पार्टी (JMM) में मेरे साथ हुई राजनीति के बारे में पोस्ट करके जानकारी दी थी। पार्टी की जो स्थिति है वो ठीक नहीं है। हमारे साथ जो पार्टी के अंदर राजनीति हुई थी, वहां कोई एक ऐसी जगह नहीं थी, जहां मैं अपनी पीड़ा बताउं...इसलिए मैंने पार्टी छोड़ी।''

ये भी पढे़ं- Ramdas Soren: रामदास सोरेन ने झारखंड के कैबिनेट मंत्री के रूप में ली शपथ, क्या ले पाएंगे चम्पाई सोरेन की जगह?
चम्पाई सोरेन ने बताया भाजपा में क्यों हो रहे हैं शामिल?
चम्पाई सोरेन ने कहा, ''कभी मैंने सोचा था कि मैं राजनीति छोड़ दूंगा। मैंने सोचा था कि झारखंड की बेहतरी के लिए नया संगठन बनाऊंगा या कोई साथी मिलेगा तो उसके साथ जुड़ूंगा। हमें बीजेपी के रूप में एक अच्छा साथी मिला है। मैं आज बीजेपी में शामिल होने जा रहा हूं। हम पहले की तरह झारखंड के लिए लड़ेंगे। मैं झारखंड के विकास के लिए काम करूंगा, आदिवासियों के अस्तित्व को बचाऊंगा। हम झारखंड का विकास करेंगे। बहुच सोच-समझकर और चिंतन करने के बाद मैंने भाजपा में जाने का फैसला किया है।''
चम्पाई सोरेन ने कहा, ''हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा किया है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने का फैसला किया है।
ये भी पढ़ें- कौन हैं रामदास सोरेन, जो बने चम्पाई सोरेन की जगह मंत्री, पहली बार कैबिनेट में हुए शामिल
चम्पाई सोरेन ने JMM को दिए इस्तीफा पत्र में क्या-क्या कहा है?
चम्पाई सोरेन ने लिखा, '' जोहार! मैं चम्पाई सोरेन, झारखंड मुक्ति मोर्चा की वर्तमान कार्यशैली एवं नीतियों से विक्षुब्ध होकर, पार्टी छोड़ने को विवश हूं। अत्यंत ही दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि आप के मार्गदर्शन में जिस पार्टी का सपना हम जैसे कार्यकर्ताओं ने देखा था एवं जिस के लिए हम लोगों ने जंगलों, पहाड़ों एवं गांवों की खाक छानी थी, आज पार्टी अपनी उस दिशा से भटक चुकी है। झामुमो मेरे लिए एक परिवार जैसा रहा एवं मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मुझे इसे छोड़ना पड़ेगा। लेकिन पिछले कुछ दिनों के घटनाक्रम की वजह से, मुझे बहुत ही पीड़ा के साथ यह कठिन निर्णय लेना पड़ा रहा है।''
ये भी पढे़ं- '50 लाख में दी गई थी मेरी सुपारी, तभी नहीं डरा मैं', चंपई सोरेन ने नई राजनीतिक यात्रा को लेकर क्या-क्या कहा?
चम्पाई सोरेन ने आगे लिखा, ''आपके (शिबू सोरेन) वर्तमान स्वास्थ्य की वजह से, आप सक्रिय राजनीति से दूर हैं, तथा आपके अलावा पार्टी में ऐसा कोई फोरम नहीं है, जहां हम अपनी मन की पीड़ा को बता सकें। इस वजह से, मैं झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्राथमिक सदस्यता एवं सभी पदों से इस्तीफा दे रहा हूं। आपके मार्गदर्शन में, झारखंड आंदोलन के दौरान तथा उसके बाद भी, मुझे जीवन में बहुत कुछ सीखने का अवसर प्राप्त हुआ है। आप सदैव मेरे मार्गदर्शक बने रहेंगे। अतः आपसे विनम्र अनुरोध है कि मेरा इस्तीफा स्वीकार करने की कृपा करें। सधन्यवाद!''












Click it and Unblock the Notifications