Canada-India Tension: टोरंटो में खालिस्तान समर्थक परेड में हिंसा का जश्न! भारत ने कनाडा की आलोचना की
Canada-India Tension: टोरंटो के माल्टन में नगर कीर्तन परेड में खालिस्तान समर्थक छवि प्रदर्शित होने के बाद भारत ने चरमपंथी तत्वों को जगह देने के लिए कनाडा की फिर से आलोचना की है।
भारत ने खालिस्तान समर्थक परेड में 'हिंसा का जश्न' मनाने के लिए कनाडा की आलोचना की है। टोरंटो के माल्टन में नगर कीर्तन परेड में खालिस्तान समर्थक छवि प्रदर्शित की गई। जिसको लेकर भारत ने चरमपंथी तत्वों को जगह देने के लिए कनाडा को आड़े हाथ लिया।

एक बयान में, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि जैसा कि आप जानते हैं, हमने कनाडा में हमारे राजनीतिक नेतृत्व के खिलाफ चरमपंथी तत्वों द्वारा इस्तेमाल की जा रही हिंसक छवि के बारे में बार-बार अपनी चिंताएं उठाई हैं। पिछले साल, हत्या का चित्रण करने वाली एक झांकी हमारे पूर्व प्रधानमंत्री को एक जुलूस में दिखाया गया था। पूरे कनाडा में भारतीय राजनयिकों के खिलाफ हिंसा की धमकी वाले पोस्टर भी लगाए गए।
नगर कीर्तन परेड का आयोजन ओंटारियो गुरुद्वारा कमेटी द्वारा किया गया था, जहां झांकियों और भाषणों ने आक्रामक रूप से भारतीय राजनीतिक हस्तियों को निशाना बनाया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सलाखों के पीछे दिखाया गया था। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों द्वारा घोषित आतंकवादी खालसा के परमजीत मंड और अवतार सिंह पन्नू जैसे लोगों ने 6 किलोमीटर लंबी परेड में भड़काऊ भाषण दिए।
'अलगाववादियों के लिए पनाहगाह न बने कनाडा'
जायसवाल ने कहा कि हम कनाडा में अपने राजनयिक प्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और उम्मीद करते हैं कि कनाडा सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि वे बिना किसी डर के अपनी जिम्मेदारियों को निभाने में सक्षम हों। उन्होंने आगे कहा कि हम कनाडा सरकार से फिर से अपील करते हैं कि वह कनाडा में आपराधिक और अलगाववादी तत्वों को सुरक्षित पनाहगाह और राजनीतिक स्थान देना बंद करे।
निज्जर की हत्या में भारत की संलिप्तता का ट्रूडो ने लगाए थे आरोप
पिछले साल सितंबर में खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंटों की संभावित संलिप्तता बताते हुए कनाडाई प्रधानमंत्री ट्रूडो ने आरोप लगाए थे। आरोपों के बाद से नई दिल्ली और कनाडा की राजधानी ओटावा के बीच संबंध तनावपूर्ण हो गए हैं। हालांकि, नई दिल्ली ने ट्रूडो के आरोपों को "बेतुका" बताते हुए खारिज कर दिया था।
हाल ही में, जस्टिन ट्रूडो, अन्य प्रमुख कनाडाई नेताओं के साथ, टोरंटो में खालसा दिवस समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम के वीडियो में दिखाया गया कि जैसे ही ट्रूडो ने भीड़ को संबोधित करना शुरू किया, खालिस्तान समर्थक नारे लगाए गए। भारत ने ऐसे कार्यक्रम में ट्रूडो की उपस्थिति पर कड़ा विरोध दर्ज कराया और कनाडा में चरमपंथी और हिंसक विचारधाराओं को मिल रहे राजनीतिक स्थान पर अपनी अस्वीकृति और चिंता व्यक्त करने के लिए कनाडाई उप उच्चायुक्त को बुलाया।














Click it and Unblock the Notifications