'धरम, देखो साहेब ने पलक झपकी है...जान निकल गई मेरी', धर्मेंद्र ने बयां की शायरा बानो की हालत
अंतिम संस्कार के बाद अपने घर लौटे धर्मेंद्र ने एक ट्वीट कर शायरा बानो की हालत बयां की है...
नई दिल्ली, 8 जुलाई: भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के सबसे पहले सुपरस्टार और ट्रेजडी किंग के नाम से मशहूर दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार का बुधवार को निधन हो गया। लंबे समय से बीमार चल रहे दिलीप कुमार के निधन से उनके फैंस, दोस्त और करीबी लोग काफी दुखी हैं। दिलीप कुमार के निधन के बाद अभिनेता धर्मेंद्र भी शोक प्रकट करने उनके घर पहुंचे और कहा कि आज फिल्म इंडस्ट्री में उनका भाई उन्हें छोड़कर चला गया। अंतिम संस्कार के बाद अपने घर लौटे धर्मेंद्र ने अब एक और ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने दिलीप कुमार की पत्नी सायरा बानो की हालात बयां की है।

धर्मेंद्र ने अपने ट्वीट में क्या लिखा?
धर्मेंद्र ने दिलीप कुमार के अंतिम संस्कार से लौटने के बाद ट्वीट करते हुए लिखा, 'शायरा ने जब कहा- धरम, देखो साहेब ने पलक झपकी है...दोस्तों जान निकल गई मेरी। मालिक मेरे प्यारे भाई को जन्नत नसीब करे। दोस्तों मुझे दिखावा नहीं आता, लेकिन मैं अपने जज्बात पर काबू भी नहीं रख पाता। अपने समझकर कह जाता हूं...'
Recommended Video

पूरे वक्त पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे धर्मेंद्र
इससे पहले जब धर्मेंद्र बुधवार को दिलीप कुमार के निधन की खबर सुनकर उनके घर पहुंचे तो सदमे से बिल्कुल टूट गए। धर्मेंद्र पूरे वक्त दिलीप कुमार के पार्थिव शरीर के पास ही बैठे रहे और उनके चेहरे पर अपने दोस्त को खोने का दुख साफ झलक रहा था। मीडिया ने जब धर्मेंद्र से बात करने की कोशिश की, तो उनके मुंह से केवल यही निकला कि आज उनका भाई उन्हें छोड़कर चला गया।

दिलीप-शायरा की नहीं है कोई औलाद
आपको बता दें कि दिलीप कुमार और शायरा बानो की कोई संतान नहीं है। 2012 में हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू के दौरान दिलीप और शायरा बानो ने कहा था कि उन्हें संतान ना होने का कोई दुख नहीं है। दिलीप कुमार ने इस इंटरव्यू में कहा, 'अगर हमारे अपने बच्चे होते तो बहुत अच्छा होता लेकिन नहीं हैं और उन्हें इसका कोई पछतावा नहीं है। हम दोनों इसे भगवान की इच्छा मानते हैं। इस बात को लेकर ना मुझे कोई शिकायत है और ना शायरा बानो को।'

शाहरूख खान को मानते थे बेटा
दिलीप कुमार और शायरा बानो को अभिनेता शाहरूख खान से बहुत लगाव था और दोनों उन्हें अपने बेटे की तरह मानते थे। शाहरूख भी दिल्ली और शायरा बानो का बहुत सम्मान करते थे। 'जी सिने अवॉर्ड 2001' के कार्यक्रम के दौरान जब दिलीप कुमार और शायरा बानो स्टेज पर पहुंचे तो खुद शाहरूख खान ने दोनों के लिए रेड कार्पेट बिछाया था। दिलीप कुमार के निधन के बाद इस कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

'अगर हमारा बेटा होता, तो वो...'
दिलीप कुमार की पत्नी और अभिनेत्री शायरा बानो ने मुंबई मिरर को दिए एक इंटरव्यू के दौरान कहा था, 'मैं अक्सर इस बात को बोलती हूं कि अगर हमारा कोई बेटा होता तो वो बिल्कुल शाहरुख खान की तरह दिखता। शाहरूख और साहेब दोनों एक जैसे हैं, दोनों के बाल भी बिल्कुल एक जैसे ही हैं। और, यही वजह है कि जब भी हम मिलते हैं तो मैं शाहरूख के बालों में उंगलिया घुमाती हूं।'

निशान-ए-इम्तियाज अवार्ड से नवाजे गए थे दिलीप कुमार
दिलीप कुमार के अभिनय के दीवाने केवल हिंदुस्तान में ही नहीं थे, बल्कि पाकिस्तान में भी उनकी एक्टिंग का जलवा था। 1998 में पाकिस्तान सरकार ने दिलीप कुमार को 'निशान-ए-इम्तियाज' अवार्ड से सम्मानित किया। निशान-ए-इम्तियाज पाकिस्तान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। इसके अलावा पाकिस्तान सरकार पहले ही दिलीप कुमार के पैतृक घर को राष्ट्रीय धरोहर घोषित कर चुकी है, जिसे अब म्यूजियम में तब्दील किया जा रहा है।

पाकिस्तान में रखी गई प्रार्थना सभा
भारतीय सिनेमा के 'अनमोल रत्न' दिलीप कुमार के निधन पर पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में भी उनके चाहने वाले दुखी हैं। बुधवार को दिल्ली कुमार के निधन की खबर सुनने के बाद पाकिस्तान में उनके फैंस से एक प्रार्थना सभा रखी। गौरतलब है कि दिलीप कुमार का जन्म पाकिस्तान के पेशावर में ही हुआ था और उनका असली नाम मोहम्मद युसूफ खान था। उनके निधन पर पाकिस्तान के पीएम इमरान खान ने भी ट्वीट कर दुख प्रकट किया।
ये भी पढ़ें- Video: अनजान महिला ने की दिलीप कुमार के घर में घुसने की कोशिश, खुद को बताया रिश्तेदार











Click it and Unblock the Notifications