'हिंदुत्व पर ना दें ज्ञान,यह देश की मूल भावना का हिस्सा', मुख्तार अब्बास नकवी ने इल्तिजा मुफ्ती पर किया पलटवार
Mukhtar Abbas Naqvi BJP: जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती के हिंदुत्व पर दिए गए विवादास्पद बयान के बाद राजनीतिक बवाल मच गया है। इल्तिजा ने हिंदुत्व को 'बीमारी' करार देते हुए इसे आलोचना का निशाना बनाया था, जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने उन्हें 'हिंदुत्व पर ज्ञान देने' की सलाह दी है।
क्या कहा था इल्तिजा ने, जो भड़की भाजपा
इल्तिजा ने एक वीडियो पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि मुस्लिम लड़कों को सिर्फ इसलिए पीटा जा रहा है क्योंकि उन्होंने 'राम' का नाम लेने से इनकार किया। उन्होंने कहा, "हिंदुत्व एक बीमारी है, जिसने लाखों भारतीयों को प्रभावित किया है और भगवान राम के नाम को कलंकित किया है।" इल्तिजा ने अपने बयान का बचाव करते हुए दावा किया कि हिंदुत्व और हिंदू धर्म में बड़ा अंतर है। उनका कहना था कि हिंदुत्व नफरत का दर्शन है, जिसे 1940 के दशक में विनायक दामोदर सावरकर ने फैलाया, जबकि हिंदू धर्म धर्मनिरपेक्षता, प्रेम और करुणा का संदेश देता है।

वरिष्ठ भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने किया पलटवार
मुख्तार अब्बास नकवी ने इल्तिजा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "हिंदुत्व इस देश की संस्कृति और संस्कार का हिस्सा है। जो लोग इसे नहीं समझते, उन्हें इसके बारे में ज्ञान लेना चाहिए। हिंदुत्व समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और समावेशी सोच को बढ़ावा देने वाला है।"
उन्होंने कहा, "हिंदुत्व समाज के सभी वर्गों को एक साथ लेकर चलने और समावेशी सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश देता है। जो लोग इस देश की संस्कृति और संस्कार से अनभिज्ञ हैं, उन्हें एक बार फिर सनातन संस्कृति के बारे में संदेश देने की जरूरत है।"
मुख्तार अब्बास नकवी ने यह भी कहा कि हिंदुत्व पर ज्ञान देने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि यह देश की मूल भावना का हिस्सा है। उन्होंने इस दौरान यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग हिंदुत्व को लेकर 'फोबिया' का शिकार हो गए हैं। नकवी ने ऐसे लोगों को सुझाव दिया कि उन्हें हिंदुत्व के बारे में अध्ययन करना चाहिए और इसे समझने की कोशिश करनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि इल्तिजा ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में अपने प्रतिद्वंद्वी से 9,000 से ज्यादा वोटों से हार का सामना किया था। उनकी इस हार के बाद, उनका बयान और भी चर्चा में आ गया है।












Click it and Unblock the Notifications