गोवा चुनावों में भाजपा ने खेला बड़ा दांव, राज्य की 30 प्रतिशत सीटों पर उतारे ईसाई उम्मीदवार
भारतीय जनता पार्टी पहली बार गोवा की सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। 40 में से 12 (30%) सीटों पर उसने कैथोलिक समुदाय के उम्मीदवार उतारे हैं।
पणजी, 29 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी पहली बार गोवा की सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। 40 में से 12 (30%) सीटों पर उसने कैथोलिक समुदाय के उम्मीदवार उतारे हैं। यह संख्या साल 2012 में पार्टी द्वारा उतारे गए सभी कैथोलिक उम्मीदवारों की दोगुनी है। उन चुनावों में ये सभी 6 उम्मीदवार विजयी हुए थे। इसके अलावा पार्टी ने साल 2017 के विधानसभा चुनावों में 7 कैथोलिक उम्मीदवारों को टिकट दिया था, जिनमें से सातों ने जीत दर्ज की थी।

बता दें कि भारतीय जनता पार्टी के राज्य में 3.5 लाख सदस्य हैं, जिनमें से 18 प्रतिशत कैथोलिक हैं। जबकि गोवा की आबादी में हिंदुओं की संख्या 66% से अधिक है। राज्य में लगभग 25% ईसाई और 8% मुस्लिम हैं। 12 कैथोलिकों को टिकट दिए जाने को लेकर भाजता के प्रदेश अध्यक्ष सदानंद शेत तनावडे ने कहा कि भाजपा सांप्रदायिक पार्टी नहीं है। हम समाज के सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देना चाहते हैं और उसी के अनुसार हमने अल्पसंख्यक समुदाय के 12 सदस्यों को उम्मीदवार बनाया है। हालांकि भाजपा ने मुस्लिम समुदाय से कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है।
यह भी पढ़ें: कर्नाटक में 31 जनवरी से नाइट कर्फ्यू की पाबंदियां खत्म, बेंगलुरु में इस दिन से खुलेंगे स्कूल
बता दें कि इस बार गोवा में विधानसभा का चुनाव लड़ने के लिए 587 लोगों ने पर्चा भरा है। नामांकन की जांच 29 जनवरी को की जाएगी और नामाकंन वापस लेने की आखिरी तारीख 31 जनवरी है। साल 2017 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने सबसे ज्यादा सीटें जीती थीं, लेकिन भाजपा तमाम छोटे बड़े दलों के साथ गठबंधन कर सरकार बनाने में सफल रही। वहीं, इस बार का चुनाव किसी भी पार्टी के लिए आसान नहीं रहने वाला है क्योंकि इस बार के चुनावों में चार बड़ी पार्टियां आमने सामने होंगी। हालांकि मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही होने की उम्मीद है, लेकिन आम आदमी पार्टी और टीएमसी सरकार बनाने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।











Click it and Unblock the Notifications