'परिवार ने ही धोखा दे दिया...' चुनाव में मिला महज 1 वोट तो छलका BJP उम्मीदवार का दर्द
भाजपा उम्मीदवार नरेंद्रन को अपनी सीट पर केवल एक ही वोट मिला।
नई दिल्ली, 22 फरवरी: तमिलनाडु में मंगलवार को स्थानीय निकाय चुनाव के नतीजे घोषित किए गए। शाम 4 बजे तक घोषित चुनाव परिणाम के मुताबिक, 200 वार्ड में से 131 वार्ड पर मतगणना पूरी हो गई, जिसमें से 104 पार्षदों की सीटें हासिल कर डीएमके ने ग्रेटर चेन्नई नगर निगम पर जीत हासिल की। वहीं एआईएडीएमके को 12 और कांग्रेस को 7 सीटों पर जीत मिली। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी का एक उम्मीदवार ऐसा भी रहा, जिसे मतगणना में केवल एक ही वोट मिला। चुनाव परिणाम के बाद भाजपा के इस प्रत्याशी ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों पर उसे धोखा देने का आरोप लगाया है।

'भाजपा के नरेंद्रन को मिला केवल 1 वोट'
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, तमिलनाडु के इरोड जिले की भवानीसागर नगर पंचायत के वार्ड 11 से भारतीय जनता पार्टी ने नरेंद्रन नाम के उम्मीदवार को टिकट दिया था। मंगलवार को जब चुनाव नतीजों का ऐलान हुआ, और वार्ड 11 की मतगणना पूरी हुई तो नरेंद्रन के खाते में केवल एक वोट यानी उनका खुद का वोट ही आया।

'झूठे आश्वासन देकर मुझे धोखे में रखा'
वोटों की गिनती पूरी होने के बाद दुखी मन से नरेंद्रन मतगणना केंद्र से बाहर निकले, जहां पत्रकारों से बात करते हुए उनका दर्द छलक आया। मीडिया से बात करते हुए नरेंद्रन ने कहा, 'मैं बहुत मेहनत से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन मेरी अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं, दोस्तों और परिवार के लोगों ने ही मुझे वोट नहीं दिया। सब लोगों ने मुझे केवल झूठे आश्वासन देकर धोखे में रखा।'

नरेंद्रन की सीट पर पड़े कुल 162 वोट
चुनाव आयोग की तरफ से जारी नतीजों के मुताबिक, भवानीसागर नगर पंचायत की वार्ड संख्या 11 सीट पर कुल 162 वोट पड़े, जिनमें से 84 वोट हासिल कर डीएमके के उम्मीदवार ने जीत दर्ज की। आपको बता दें कि तमिलनाडु में 21 नगर निगम, 138 नगर पालिकाओं और 489 नगर पंचायतों के तहत आने वाले 12500 से ज्यादा वार्डों के लिए 19 फरवरी को मतदान हुआ था। अभी तक के चुनाव नतीजों के मुताबिक, सत्तारूढ़ डीएमके और उसके सहयोगी दलों को 21 नगर निगमों में भारी बढ़त मिलती हुई नजर आ रही है।
ये भी पढ़ें- भाजपा की रैली से लौट रहे लोगों ने प्रियंका से मांगा घोषणापत्र, कांग्रेस बोली- यूपी का माहौल स्पष्ट है











Click it and Unblock the Notifications