Twisha Sharma की मौत के बाद रसूखदार सास ने घुमाए 46 कॉल्स, जजों से लेकर CCTV तकनीशियन तक किस-किस को किया फोन?
Twisha Sharma Death Case: भोपाल में ट्विशा शर्मा (Twisha Sharma Death Case) की मौत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल उन 46 फोन कॉल्स को लेकर उठ रहा है, जो कथित तौर पर उनकी सास और पूर्व जज गिरिबाला सिंह ने ट्विशा की मौत के तुरंत बाद किए थे। ट्विशा के परिवार ने दावा किया है कि 12 मई की रात से लेकर 14 मई तक कई प्रभावशाली लोगों, जजों, अधिकारियों, डॉक्टरों और CCTV तकनीशियनों से संपर्क किया गया।
परिवार का कहना है कि जिस वक्त एक बेटी की मौत की वजह साफ नहीं थी, उसी दौरान इतने लोगों से बातचीत होना कई सवाल खड़े करता है। खास बात यह है कि यह मामला तब और चर्चा में आया, जब कोर्ट में जमा कॉल डिटेल रिकॉर्ड में इन नंबरों का जिक्र सामने आया। अब परिवार स्वतंत्र जांच की मांग कर रहा है और पूछ रहा है कि आखिर ट्विशा की मौत के बाद इतने फोन क्यों किए गए?

किन लोगों को फोन करने का दावा?
ट्विशा के परिवार के मुताबिक, गिरिबाला सिंह ने कथित तौर पर जिन लोगों से बात की, उनमें न्यायपालिका, प्रशासन और मेडिकल क्षेत्र से जुड़े कई लोग शामिल थे। परिवार का दावा है कि कॉल डिटेल में चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट, लोकायुक्त से जुड़े लोग, डॉक्टर, वकील और कुछ आईएएस-आईपीएस अधिकारियों के नंबर मौजूद हैं।
ये भी पढ़ें: Twisha Sharma: नोएडा की बेटी ट्विशा शर्मा को मिलेगा इंसाफ? MP सरकार ने CBI को सौंपी हाई-प्रोफाइल केस की कमान
परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि CCTV कैमरों की देखरेख करने वाले तकनीशियनों और निजी कंपनी से जुड़े लोगों को भी फोन किए गए थे। इसी वजह से अब इलेक्ट्रॉनिक सबूतों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

CCTV तकनीशियनों पर क्यों उठा सवाल?
ट्विशा के परिवार का कहना है कि मौत के तुरंत बाद CCTV से जुड़े लोगों को फोन करना बेहद गंभीर बात है। परिवार ने पूछा है कि जब जांच शुरू भी नहीं हुई थी, तब कैमरों की देखरेख करने वालों से बातचीत की जरूरत क्यों पड़ी?
दरअसल, एक दिन पहले गिरिबाला सिंह ने अदालत में कहा था कि उनके घर में लगे आठ CCTV कैमरों की टाइमिंग में गड़बड़ी थी। उन्होंने दावा किया कि फुटेज में "दो दिन, दो घंटे और 20 मिनट" का अंतर था। इसके बाद परिवार ने आशंका जताई कि कहीं डिजिटल सबूतों से छेड़छाड़ की कोशिश तो नहीं हुई।
कोर्ट में जमा रिकॉर्ड से खुला मामला
ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा का कहना है कि यह कॉल रिकॉर्ड खुद गिरिबाला सिंह की तरफ से अदालत में जमा किए गए थे। बताया गया कि अग्रिम जमानत की सुनवाई के दौरान यह दिखाने के लिए रिकॉर्ड पेश किए गए कि उन्होंने ट्विशा के परिवार से संपर्क करने की कोशिश की थी। लेकिन इन्हीं रिकॉर्ड में दूसरे नंबर भी दिखाई दिए। परिवार का कहना है कि रिकॉर्ड देखने के बाद उन्हें पता चला कि कई प्रभावशाली लोगों को फोन किए गए थे।
परिवार ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
ट्विशा के परिवार ने मांग की है कि SIT कॉल डिटेल रिकॉर्ड, CCTV लॉग, कैमरों की मेंटेनेंस हिस्ट्री और डिजिटल बातचीत की अलग से जांच करे। परिवार का कहना है कि मौत के बाद क्या हुआ, इसकी पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए। परिवार ने बयान में कहा कि जब वे अपनी बेटी की मौत की वजह समझने की कोशिश कर रहे थे, तब उन्हें टुकड़ों में जानकारी मिल रही थी।
गिरिबाला सिंह ने क्या कहा?
गिरिबाला सिंह ने इन आरोपों को गलत बताया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि लोग सिर्फ संवेदना जताने के लिए फोन कर रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया में गलत तरीके से बातें दिखाई जा रही हैं। CCTV से जुड़े लोगों को फोन करने पर उन्होंने कहा कि वह सिर्फ यह समझना चाहती थीं कि घर के अंदर आखिर क्या हुआ था। उनका कहना है कि घर के एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर कैमरे लगे हुए थे।
वायरल ऑडियो से बढ़ी चर्चा
इस पूरे मामले के बीच सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो भी वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह अप्रैल महीने की बातचीत है, जब ट्विशा का भाई हर्षित भोपाल पहुंचा था। परिवार का कहना है कि उस दौरान रिश्ते सुधारने की कोशिश की जा रही थी। हालांकि ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन ट्विशा के परिवार का कहना है कि यह रिकॉर्डिंग उसी मुलाकात की है।
समर्थ सिंह अब भी फरार
मामले का मुख्य आरोपी और ट्विशा का पति समर्थ सिंह अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी अग्रिम जमानत याचिका पहले ही खारिज हो चुकी है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर इनाम 10 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दिया है। मध्य प्रदेश पुलिस ने समर्थ के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया है।
मामले में बढ़ते विवाद और लगातार उठ रहे सवालों के बीच मध्य प्रदेश सरकार ने CBI जांच की सिफारिश कर दी है। राज्य सरकार ने केंद्र एजेंसी को जांच सौंपने की सहमति भी दे दी है।
ये भी पढ़ें: Twisha Sharma Death: ट्विशा की मौत से आहत दिशा पाटनी की बहन, क्यों कहा-'मरना नहीं अब मारना है', Video












Click it and Unblock the Notifications