मेरे रोके जाने का कारण शायद सोनिया गांधी को पता हो: बाबा रामदेव
नई दिल्ली। आज एक बार फिर से खुले तौर पर योग गुरू बाबा रामदेव ने यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी पर आरोप लगाया है और कहा है कि लंदन एयरपोर्ट पर जो कुछ भी उनके साथ हुआ है उसके पीछे सिर्फ और सिर्फ सोनिया गांधी का ही हाथ है। लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से बाहर निकलते ही बाबा रामदेव ने मीडिया से कहा कि 'मुझे आठ घंटे यहां क्या अष्टांग योग करवाया गया, मेरे पास एक ढेला भी नहीं है, एक डॉलर, एक रुपया भी नहीं. मैं रखता ही नहीं अपने पास। नोट बुक ले ली जिसमें लेक्चर्स के नोट्स बनाता हूं, रोके जाने का कोई कारण नहीं बताया. शायद सोनिया गांधी को कारण पता होगा।
आपको बता दें कि बाबा रामदेव को शुक्रवार रात को लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे पर ब्रिटिश सीमा शुल्क अधिकारियों ने करीब 8 घंटे रोक कर रखा। घटना की जो जानकारी मीडिया को मिली है उसके मुताबिक कस्टम अधिकारियों ने उनसे आठ घंटे लंबी पूछताछ की क्योंकि बाबा रामदेव बिजनेस वीजा के बजाय विजीटर वीजा पर लंदन आये थे।
बाबा रामदेव के पास अपने निजी सामान के अलावा कुछ किताबें औऱ दवाईयां थीं जिनके वजह से ही उन्हें कस्टम अधिकारियों ने रोका था लेकिन बाबा रामेदव के प्रवक्ता एस के तेजरावाला का कहना है कि यह सारी बातें बेबुनियाद है जिसमें कहा जा रहा है कि बाबा रामदेव को दवाईयों के कारण रोका गया था। उन्हें रोके जाने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है।
लेकिन जिस तरह से बाबा रामदेव ने मीडिया में सोनिया गांधी के लिए बयान दिया है उसकी वजह से इस बात को एक नया तूल पकड़ लिया है। फिलहाल बाबा रामेदव के प्रवक्ता एस के तेजरावाला ने विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद को इस मामले की जानकारी रात 12 बजे ही चिठ्ठी के जरिेये दे दी थी और इस पर तत्काल कार्रवाई की मांग की थी लेकिन अभी तक इस सिलसिले में कांग्रेस की ओर से कोई अधिकारिक बयान नहीं आया है।













Click it and Unblock the Notifications