जल्द आईआईएम के लेक्चरर बनेंगे अरविंद केजरीवाल!
केजरीवाल की इलेक्शन पॉलिसी एक दिन का या फिर एक दिमाग का खेल नहीं था, बल्कि इसमें कई सारे दिमाग लगे और देश की नब्ज को पहचानने का असली काम इस पार्टी ने किया है। सबसे बड़ी चीज जो केजरीवाल से सीखने वाली है, वो है टाइम मैनेजमेंट। एक साल के अंदर एक पार्टी को खड़ा किया और फिर दिल्ली जैसी महत्वपूर्ण विधानसभा में दूसरे स्थान पर काबिज होना, किसी आम आदमी के बस की बात नहीं है। इसमें केजरीवाल का टाइम मैनेजमेंट बहुत कारगर साबित हुआ है।
श्री जयनारायण पीजी कॉलेज के रीडर व इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के काउंसिलर डा. आलोक चांटिया का कहना है कि केजरीवाल के पास दूसरा सबसे बड़ा गुड़ है चेन मल्टीप्लाई मैनेजमेंट का, जो सभी को जरूर सीखना चाहिये। अन्ना आंदोलन से लेकर मतगणना के दिन तक, जिस तरह केजरीवाल ने अपनी चेन को मल्टीप्लाई किया है, वह काबिल-ए-तारीफ है। मैनेजमेंट की दृष्टि से कोई भी कंपनी जब अपने प्रॉडक्ट लॉन्च करती है, तो उसे यह जरूर पता होना चाहिये कि उसकी चेन मल्टीप्लाई होगी या नहीं।
तीसरा गुर ट्रांजीशन पीरियड को समझना। डा. चांटिया के मुताबिक केजरीवाल ने युवाओं को चुना और उनके ट्रांजीशन पीरियड का ध्यान से अध्ययन किया। युवा वर्ग हमेशा ट्रांजीशन स्टेट में रहता है चाहे वो मानसिक तौर पर हो, शारीरिक या फिर भौतिक। ऐसे दौर में उसे जहां मोड़ देंगे, वह वहीं मुड़ जायेगा, केजरीवाल ने इस ट्रांजीशन पीरियड को करीबी से समझा और उसी हिसाब से अपना कैम्पेन आगे बढ़ाया।
डा. चांटिया का कहना है कि मैनेजमेंट के वे छात्र जो आगे चलकर उद्यमी बनना चाहते हैं, वो केजरीवाल से जरूर सीख लें। जिस तरह केजरीवाल एक नई पार्टी खड़ी करते हैं और एक साल के अंदर उसे कहां से कहां पहुंचा देते हैं, उसी तरह अगर कोई उद्यमी नई कंपनी खड़ी करता है, तो वह कैसे उसे जल्द से जल्द ऊंचाई तक पहुंचा सकें। मैनेजमेंट का एक स्किल होता है ग्राउंड लेवल मार्केटिंग। केजरीवाल ने उसी प्रकार की मार्केटिंग की और आज परिणाम आपके सामने हैं।
हम यहां प्रबंधन और केजरीवाल की बात इसलिये कर रहे हैं, क्योंकि भारतीय प्रबंध संस्थानों ने पिछले वर्षों में अलग-अलग क्षेत्रों के सफल व्यक्तियों को गेस्ट लेक्चरर के रूप में बुलाया और अभी भी बुलाते हैं। उनमें मुंबई का डिब्बे वाला, राजनेता लालू प्रसाद यादव, शूटर हर्षवर्धन सिंह राठौर, पहलवान सुशील कुमार, आदि शामिल हैं।













Click it and Unblock the Notifications