रामलीला मैदान में केजरीवाल आज लेंगे दूसरी बार सीएम पद की शपथ
नई दिल्ली। आखिरकार वो दिन आ ही गया जिसका इंतजार आम आदमी लंबे वक्त से कर रहा था। आज दिन के 11 बजे अरविंद केजरीवाल सीएम पद की शपथ लेंगे। रामलीला मैदान तो दुल्हन की तरह सजाया गया है। इससे पहले केजरीवाल ने दिसंबर 2013 में यहीं शपथ ली थी।
वैसे तो आप की ओर से इसकी अधिकारिक पुष्टि तो नहीं हुई है कि सीएम केजरीवाल के साथ और कितने लोग मंत्री पद की शपथ लेंगे लेकिन जो अनुमान है उसके हिसाब से केजरीवाल के सुख-दुख के साथी मनीष सिसोदिया आज डिप्टी सीएम पद की शपथ ले सकते हैं और इसके अलावा 5 और लोग मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं लेकिन वो 5 कौन है इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है।
केजरीवाल ने लोगों से बड़ी संख्या में समारोह में शामिल होने की अपील की है। समारोह स्थल पर आधा दर्जन से अधिक प्रवेश द्वार बनाए गए हैं।मैदान के आखिरी हिस्से तक करीब 30,000 कुर्सियां बिछाई गई हैं। केजरीवाल ने पीएम मोदी को भी शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित किया था लेकिन वो अपने बिजी शिड्यूल की वजह से इस समारोह में शामिल नहीं होंगे।
उपराज्यपाल नजीब जंग आप की नई सरकार को शपथ दिलाएंगे। अभी संपन्न हुए चुनाव में आप ने कांग्रेस का पूरी तरह से सफाया कर दिया तो 70 सदस्यीय विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मात्र 3 सीटें ही मिल सकीं। आप ने अप्रत्याशित रूप से 67 सीटों पर जीत दर्ज की।













Click it and Unblock the Notifications