Air India: 500 विमान खरीदने की तैयारी में टाटा ग्रुप की कंपनी, जानिए कितनी आ सकती है लागत- रिपोर्ट
टाटा ग्रुप की कंपनी एयर इंडिया विमान बनाने वाली बोइंग और एयरबस से करीब 500 एयरक्राफ्ट खरीदने की डील कर रही है। रिपोर्ट के अनुसार इस सौदे पर अरबों अमेरिकी डॉलर की लागत आने की संभावना है।

एयर इंडिया सरकार की स्वामित्व से निकलने के बाद एक ऐतिहासिक डील की ओर बढ़ रही है। यह विमान बनाने वाली अमेरिकी कंपनी बोइंग और फ्रांस की कंपनी एयरबस दोनों से करीब 500 छोटे और बड़े विमान खरीदने की तैयारी में है। इस सौदे पर अरबों डॉलर खर्च होने का अनुमान है। अगर एयर इंडिया की यह डील पक्की हो गई तो यह ना सिर्फ भारत में विमान खरीद की ऐतिहासिक डील होगी, बल्कि यह एक बहुत बड़ा अंतरराष्ट्रीय सौदा भी होगा। एयर इंडिया इसी साल सरकार के हाथों से निकलकर वापस अपनी मूल कंपनी टाटा ग्रुप के पास लौटी है।

500 विमान खरीदने की तैयारी में एयर इंडिया- रिपोर्ट
टाटा ग्रुप की कंपनी एयर इंडिया भारत में विमान खरीदने के मामले में रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में जुटी लग रही है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी ऐतिहासिक ऑर्डर देने के बहुत करीब है। एयर एंडिया के करीब 500 विमान खरीदने पर अरबों डॉलर की लागत आने की संभावना है। रविवार को इंडस्ट्री सूत्रों ने एजेंसी से कहा है कि एयर इंडिया की इस महत्वाकांक्षी परियोजना में एयरबस और बोइंग दोनों ही विमान बनाने वाली कंपनियां शामिल हैं।

400 छोटे और 100 से ज्यादा बड़े विमानों का सौदा-रिपोर्टे
रिपोर्ट के मुताबिक टाटा ग्रुप की ओर से जो एयर बस और बोइंग को ऑर्डर दिया जा रहा है, उसमें करीब 400 नैरो-बॉडी जेट शामिल हैं और 100 या उससे ज्यादा वाइड-बॉडी जेट की खरीद हो सकती है। इनमें एयरबस ए350 और बोइंग 787 और 777 जैसे बड़े विमान भी शामिल किए गए हैं। सूत्र ने नाम नहीं जाहिर होने देने की शर्त पर यह जानकारी साझा की है। क्योंकि, इस बड़ी डील पर आने वाले दिनों में मुहर लगने से पहले उसे अंतिम रूप दिया जा रहा है।

भारत की सबसे बड़ी एविएशन डील की ओर एयर इंडिया ?
हालांकि, न्यूज एजेंसी ने कहा है कि एयरबस और बोइंग दोनों ने ही इस सौदे पर किसी भी तरह की टिप्पणी से इनकार कर दिया है। जबकि टाटा ग्रुप ने प्रतिक्रिया के अनुरोध पर तुरंत कुछ नहीं कहा है। शुक्रवार को भी इसी तरह की एक मीडिया रिपोर्ट आई थी, जिसमें कहा गया था कि टाटा ग्रुप की स्वामित्व वाली एयर इंडिया लिमिटेड करीब 150 बड़े विमान (बोइंग 737) खरीदने के लिए बोइंग के साथ डील करने की तैयारी कर चुकी है। अगर एयर इंडिया की ऐसी डील पक्की होती है तो यह भारतीय एविएशन इंडस्ट्री के इतिहास की सबसे बड़ी डील होगी।

अमेरिकी कंपनी के लिए भी बड़ा सौदा
जहां तक अमेरिकी कंपनी बोइंग के नजरिए से देखें तो उसके लिए भी एयर इंडिया के साथ होने वाली ऐसी कोई भी डील अबतक का सबसे बड़ा सौदा होगा। ईटी की एक रिपोर्ट के मुताबिक उसने 2021 में आकासा एयर को 75 विमान बेचे थे। इस न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक एयर इंडिया बोइंग से पहले 50 737 मैक्स विमान खरीदेगी और फिर बाद में बाकी को शामिल करेगी। रिपोर्ट के अनुसार बोइंग ने 2023 के मार्च तक 50 विमानों की डिलिवरी का वादा भी किया है।

एयर इंडिया और विस्तारा में विलय की हो चुकी है घोषणा
भारत के सबसे बड़े कंगलोमेरट टाटा संस के पास चार विमान कंपनियां हैं, जिसमें एयर इंडिया सबसे बड़ी है। इसके अलावा टाटा ग्रुप एयर इंडिया एक्सप्रेस का भी मालिक है। जबकि विस्तारा और एयरएशिया इंडिया के भी अधिकांश शेयर उसी के पास हैं। हाल ही में टाटा संस ने घोषणा की थी कि वह एयर इंडिया और विस्तारा का विलय कर देगा। इस विलय के साथ ही एयर इंडिया भारत की सबसे बड़ी इंटरनेशल और दूसरी सबसे घरेलू विमान कंपनी बन जाएगी, जिसके पास 218 विमानों का बेड़ा होगा।

पहले आई थी 50 बिलियन डॉलर के सौदे की रिपोर्ट
इस रिपोर्ट में भी फ्रेंच कंपनी एयरबस के साथ भी उसकी डील को लेकर चर्चा की बात कही गई थी। इसी साल पहले एक खबर आई थी कि यह बोइंग और एयरबस के साथ 300 छोटे और 70 बड़े विमानों की खरीद का ऑर्डर देने की तैयारी में है, जिसपर करीब 50 बिलियन डॉलर की लागत आने की संभावना है। लेकिन, अब इस ऑर्डर का आकार और बढ़ने की संभावना जताई गई है।












Click it and Unblock the Notifications