TMC के बांगी सांसद BJP में क्यों शामिल नहीं हो रहे? ममता की पार्टी का क्या होगा? 7 सवाल और उसके जवाब से समझिए

पश्चिम बंगाल की राजनीति में इन दिनों सबसे बड़ी चर्चा तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर पैदा हुए संकट को लेकर है। लोकसभा में पार्टी के 28 सांसदों में से 20 सांसदों के बागी रुख ने न सिर्फ ममता बनर्जी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति का गणित भी बदल दिया है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर बागी सांसद ममता बनर्जी से नाराज हैं, तो वे सीधे भाजपा (BJP) में शामिल क्यों नहीं हो रहे? क्या TMC में महाराष्ट्र जैसी स्थिति बन सकती है? और आगे पार्टी का भविष्य क्या होगा?

इसी बीच ममता बनर्जी ने स्थिति को संभालने के लिए सांसद कल्याण बनर्जी को लोकसभा में पार्टी का नया चीफ व्हिप नियुक्त कर दिया है। दूसरी तरफ बागी गुट ने सांसद काकोली घोष दस्तीदार को अपना नेता चुना है और लोकसभा स्पीकर से अलग संसदीय ब्लॉक की मान्यता की मांग की है। ऐसे में आइए 7 बड़े सवालों के जरिए समझते हैं कि TMC में आखिर चल क्या रहा है और इसका राजनीतिक असर कितना बड़ा हो सकता है।

mamata banerjee

लोकसभा में शक्ति प्रदर्शन क्यों जरूरी है?

सियासी संकट की जड़ लोकसभा की संख्या है। TMC के पास फिलहाल 28 सांसद हैं। बागी गुट का दावा है कि उसके साथ 20 सांसद हैं। यही संख्या पूरे विवाद का केंद्र है क्योंकि दलबदल विरोधी कानून के तहत दो-तिहाई सांसदों का समर्थन मिलने पर अलग गुट को राहत मिल सकती है।

यही वजह है कि दोनों पक्ष अभी संख्या बल साबित करने की कोशिश में जुटे हुए हैं। एक तरफ बागी सांसद अपने समर्थन का दावा कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ ममता खेमे का कहना है कि वास्तविक संख्या इससे काफी कम है।

TMC Crisis: ममता बनर्जी के सपोर्ट में अब भी कितने सांसद? कौन वफादार, कौन खामोश और कौन बदल सकता है खेल
TMC Crisis: ममता बनर्जी के सपोर्ट में अब भी कितने सांसद? कौन वफादार, कौन खामोश और कौन बदल सकता है खेल

1. क्या बागी सांसदों पर दल-बदल कानून लागू होगा? (Will Anti-Defection Law Apply)

दसवीं अनुसूची के तहत यदि किसी संसदीय दल के कम से कम दो-तिहाई सदस्य अलग गुट के साथ जाते हैं, तो उन्हें तत्काल अयोग्यता का सामना नहीं करना पड़ता। TMC के 28 सांसदों के हिसाब से यह संख्या 19 बनती है।

अगर बागी गुट स्पीकर के सामने 19 या उससे अधिक सांसदों का समर्थन साबित कर देता है, तो उनके खिलाफ दलबदल कानून लागू कराना ममता बनर्जी के लिए आसान नहीं होगा। लेकिन यदि संख्या कम साबित होती है, तो कानूनी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

2. क्या NDA की ताकत बढ़ जाएगी? (Will NDA Gain Strength)

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि बागी सांसद औपचारिक रूप से NDA को समर्थन देते हैं, तो केंद्र सरकार की स्थिति और मजबूत हो सकती है। लोकसभा में NDA के पास पहले से ही मजबूत संख्या है। ऐसे में 20 अतिरिक्त सांसदों का समर्थन बड़े विधायी एजेंडे और महत्वपूर्ण विधेयकों को आगे बढ़ाने में मददगार साबित हो सकता है। खासकर उन मुद्दों पर जहां सरकार को व्यापक समर्थन की जरूरत होती है।

NDA में जाते ही चली जाएगी ममता बनर्जी के 20 बागी सांसदों की सांसदी? क्या कहता है कानून, समझ लीजिए पूरा गणित
NDA में जाते ही चली जाएगी ममता बनर्जी के 20 बागी सांसदों की सांसदी? क्या कहता है कानून, समझ लीजिए पूरा गणित

3. NDA को सबसे बड़ा फायदा क्या मिलेगा? (What Is The Biggest Advantage For NDA)

सबसे बड़ा लाभ संसद में संख्या बल का होगा। सरकार को विवादित या बड़े राजनीतिक महत्व वाले विधेयकों को पारित कराने में अपेक्षाकृत अधिक सुविधा मिल सकती है। खासकर से परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े राजनीतिक विमर्श में यह समर्थन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि अंतिम स्थिति इस बात पर निर्भर करेगी कि बागी सांसद किस तरह का औपचारिक रुख अपनाते हैं।

4. बागी सांसदों के सामने सबसे बड़ी चुनौती क्या है और वे सीधे BJP में क्यों नहीं शामिल हो रहे?

काकोली घोष दस्तीदार और शताब्दी रॉय के नेतृत्व वाले इस बागी गुट के सामने इस वक्त सबसे बड़ी परीक्षा कानूनी नंबर गेम और अपनी राजनीतिक जमीन बचाने की है। दलबदल विरोधी कानून से बचने के लिए लोकसभा में उन्हें हर हाल में 19 सांसदों (28 का दो-तिहाई) का लिखित समर्थन स्पीकर के सामने साबित करना होगा। टीएमसी के वफादार गुट (जैसे कीर्ति आजाद) का दावा है कि बागियों के पास केवल 13-14 सांसदों का ही मजबूत साथ है, बाकी के नाम सिर्फ हवा में हैं।

बागी सांसद सीधे बीजेपी में शामिल नहीं हो रहे हैं, बल्कि संसद में एक 'अलग संसदीय ब्लॉक' (Separate Bloc) के रूप में पहचान मांग रहे हैं जो एनडीए को बाहर से समर्थन देगा। इस गुट में कई ऐसे सांसद हैं जो मुस्लिम बहुल या टीएमसी के पारंपरिक प्रभाव वाले इलाकों से जीतकर आए हैं। वे सीधे बीजेपी का दामन थामने से बच रहे हैं ताकि उनके अपने संसदीय क्षेत्र के वोटर्स नाराज न हों और उनका राजनीतिक भविष्य सुरक्षित रहे।

Mamata की TMC में भूकंप! 20 बागी सांसद NDA में जाने को एकजुट, ओम बिरला को पत्र लिखा, लिस्ट में कौन-कौन दिग्गज?
Mamata की TMC में भूकंप! 20 बागी सांसद NDA में जाने को एकजुट, ओम बिरला को पत्र लिखा, लिस्ट में कौन-कौन दिग्गज?

5. ममता बनर्जी का अगला राजनीतिक दांव क्या हो सकता है? (What Could Be Mamata Banerjee's Next Move)

ममता बनर्जी फिलहाल दो मोर्चों पर लड़ाई लड़ती दिखाई दे रही हैं। पहला, पार्टी के भीतर बचे हुए नेताओं और सांसदों को एकजुट रखना। दूसरा, बागी गुट को संगठनात्मक और कानूनी रूप से चुनौती देना। इसी रणनीति के तहत उन्होंने कल्याण बनर्जी को चीफ व्हिप बनाया है। साथ ही पार्टी की अलग-अलग इकाइयों और कमेटियों में बदलाव कर संगठन पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश की जा रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ममता फिलहाल किसी बड़े निष्कासन की बजाय राजनीतिक दबाव और कानूनी रणनीति पर ज्यादा भरोसा कर रही हैं।

  • सस्पेंड या निष्कासित न करने का दांव: ममता बनर्जी बागी सांसदों को खुद पार्टी से बाहर (Expel) नहीं कर रही हैं। इसके पीछे बड़ी कानूनी वजह है। अगर वो बागियों को निकालती हैं, तो दलबदल कानून कमजोर पड़ सकता है। दीदी चाहती हैं कि बागी खुद 19 सांसदों (दो-तिहाई) का आंकड़ा जुटाकर दिखाएं, जो उनके लिए आसान न हो।
  • संगठन को किया भंग: ममता बनर्जी ने राज्य में पार्टी की सभी कमेटियों और विंग्स को तुरंत प्रभाव से भंग कर दिया है। यह एक बड़ा रणनीतिक कदम है ताकि संगठन के स्तर पर किसी भी तरह की समानांतर बगावत या नए गुट को पनपने से पहले ही रोका जा सके।
  • कानूनी और व्हिप की लड़ाई: लोकसभा में तुरंत कल्याण बनर्जी को चीफ व्हिप नियुक्त कर स्पीकर ऑफिस को चिट्ठी भेजना दिखाता है कि दीदी संसद के भीतर बागियों को कानूनी रूप से घेरने और वोटिंग के दौरान पार्टी व्हिप का उल्लंघन कराने पर सदस्यता रद्द कराने की तैयारी में हैं।

6. क्या TMC के चुनाव चिन्ह पर भी खतरा आ सकता है?

फिलहाल ऐसा कोई तत्काल खतरा नहीं है, लेकिन यदि बागी गुट लंबे समय तक अपनी संख्या और संगठनात्मक ताकत बनाए रखता है, तो भविष्य में चुनाव चिन्ह और पार्टी की वैधता को लेकर विवाद खड़ा हो सकता है।

भारतीय राजनीति में पहले भी ऐसे उदाहरण देखे गए हैं, जहां पार्टी के भीतर विभाजन बाद में चुनाव आयोग तक पहुंचा और चुनाव चिन्ह पर फैसला करना पड़ा।

7. क्या TMC में 'शिवसेना मॉडल' दोहराया जा सकता है?

इस पूरे घटनाक्रम की तुलना लगातार महाराष्ट्र की शिवसेना टूट से की जा रही है। वहां भी संख्या बल और संगठनात्मक नियंत्रण की लड़ाई ने पार्टी की दिशा बदल दी थी। हालांकि बंगाल का राजनीतिक माहौल अलग है, लेकिन यदि बागी सांसद दो-तिहाई समर्थन साबित कर देते हैं, तो संसदीय स्तर पर स्थिति काफी हद तक वैसी ही दिखाई दे सकती है। यही वजह है कि राजनीतिक गलियारों में 'शिवसेना मॉडल' की चर्चा लगातार हो रही है।

आगे क्या हो सकता है?

TMC का यह संकट सिर्फ सांसदों की नाराजगी तक सीमित नहीं है। यह पार्टी नेतृत्व, संगठनात्मक नियंत्रण और भविष्य की राजनीति की लड़ाई बन चुका है। आने वाले दिनों में लोकसभा स्पीकर का रुख, बागी सांसदों की वास्तविक संख्या और ममता बनर्जी की राजनीतिक रणनीति तय करेगी कि यह संकट अस्थायी साबित होता है या फिर पश्चिम बंगाल की राजनीति में किसी बड़े बदलाव की शुरुआत बनता है।

फिलहाल इतना तय है कि दिल्ली से लेकर कोलकाता तक सभी की नजरें TMC के अगले कदम पर टिकी हुई हैं, क्योंकि इसका असर सिर्फ बंगाल ही नहीं, राष्ट्रीय राजनीति पर भी पड़ सकता है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+