China: ड्रैगन की नई चाल! नदी के बीच बना रहा है दुनिया का सबसे बड़ा Ship Lock, क्या होता है ये?
China Mega Ship Project: चीन ने अपनी सबसे महत्वपूर्ण जलमार्ग परियोजनाओं (Water Ways Project) में से एक पर काम शुरू कर दिया है। चीन में यांग्त्ज़ी (Yangtze) नदी पर एक बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के डेवलपमेंट की शुरुआत की गई। यांग्त्ज़ी नदी दुनिया की तीसरी सबसे लंबी नदी मानी जाती है और चीन की अर्थव्यवस्था के साथ व्यापारिक गतिविधियों के लिए बेहद अहम भूमिका निभाती है। चीन का कहना है कि इस नए प्रोजेक्ट का टारगेट नदी के रास्ते पर लगातार बढ़ रही शिपिंग मांग को पूरा करना और माल परिवहन को पहले से अधिक तेज और असरदार बनाना है। यह प्रोजेक्ट सेंट्रल चीन के हुबेई (Hubei) प्रांत में बनाई जा रही है।
क्या होता है शिपलॉक सिस्टम?
इस मेगा प्रोजेक्ट का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा एक बड़ा शिप लॉक (Ship Lock) होगा। चीन का दावा है कि इसके पूरा होने के बाद यह दुनिया का सबसे बड़ा इनलैंड शिप लॉक बन जाएगा। शिप लॉक एक ऐसी इंजीनियरिंग प्रणाली होती है, जो अलग-अलग स्तरों के बीच जहाजों को सुरक्षित रूप से गुजरने में मदद करती है। नए शिप लॉक के बनने से यांग्त्ज़ी नदी के जलमार्गों की क्षमता में बड़ी बढ़ोतरी होगी। इसके जरिए बड़े और भारी जहाजों का आवागमन पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हो सकेगा। चीन इस प्रोजेक्ट को अपने दीर्घकालिक परिवहन और व्यापारिक विकास कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा मान रहा है।

कहां बन रहा प्रोजेक्ट?
यह प्रोजेक्ट हुबेई प्रांत के यीचांग (Yichang) शहर में किया जा रहा है। चीन द्वारा जारी आधिकारिक तस्वीरों में कंस्ट्रक्शन स्थल पर चल रहे शुरुआती कार्यों को देखा जा सकता है। प्रोजेक्ट के तहत नए शिप लॉक के लिए विशेष चैनल तैयार किए जा रहे हैं ताकि जहाजों की आवाजाही को और अधिक व्यवस्थित बनाया जा सके। इसके अलावा गेज़ोउबा (Gezhouba) क्षेत्र में मौजूद नेविगेशन सुविधाओं को भी आधुनिक बनाया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इन सुधारों के बाद पूरे क्षेत्र में जल परिवहन व्यवस्था की क्षमता और दक्षता दोनों में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
चीन के व्यापार के लिए क्यों अहम है यांग्त्ज़ी नदी?
यांग्त्ज़ी नदी चीन की आर्थिक गतिविधियों की रीढ़ मानी जाती है। यह नदी देश के कई बड़ी इंडस्ट्रीज और व्यापारिक क्षेत्रों को आपस में जोड़ती है। हर साल लाखों टन माल इसी जलमार्ग के जरिए एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाया जाता है। पिछले कुछ सालों में व्यापार और माल परिवहन की मांग लगातार बढ़ी है। इसके कारण मौजूदा शिपिंग सिस्टम पर दबाव बढ़ता जा रहा था और कई बार जहाजों को लंबा इंतजार भी करना पड़ता था। चीन का मानना है कि नए शिप लॉक और आधुनिक नेविगेशन सुविधाओं के निर्माण के बाद इस समस्या को काफी हद तक दूर किया जा सकेगा।
क्या होगा फायदा?
विशेषज्ञों की मानें तो इस नए प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा फायदा समय की बचत के रूप में सामने आएगा। बड़े जहाजों को नदी मार्ग से गुजरने में कम समय लगेगा और माल परिवहन की गति बढ़ेगी। इसके साथ ही लॉजिस्टिक्स लागत में कमी आने की संभावना भी जताई जा रही है। चीन को उम्मीद है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद घरेलू और अंतरराष्ट्रीय व्यापार दोनों को बड़ा फायदा मिलेगा। यही वजह है कि यांग्त्ज़ी नदी पर बनाया जा रहा यह नया शिप लॉक केवल एक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे चीन की भविष्य की आर्थिक और व्यापारिक रणनीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।














Click it and Unblock the Notifications