FIFA World Cup से पहले विवादों में किलियन एम्बाप्पे, लगा बेहद गंभीर आरोप, दिग्गज ने की तीखी आलोचना
FIFA World Cup 2026 Kylian Mbappe: फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup 2026) के महामुकाबलों की शुरुआत से ठीक पहले फ्रांस के स्टार फॉरवर्ड और कप्तान किलियन एम्बापे (Kylian Mbappe) अपनी कप्तानी को लेकर गंभीर सवालों के घेरे में आ गए हैं। रियल मैड्रिड के 27 वर्षीय स्टार स्ट्राइकर भले ही इस समय दुनिया के सबसे सफल फुटबॉलरों में से एक हों, लेकिन फ्रांस के ही पूर्व दिग्गज और 1998 वर्ल्ड कप विजेता डिफेंडर फ्रैंक लेबोफ (Frank Leboeuf) ने उनकी नेतृत्व क्षमता (Leadership) पर तीखा हमला बोला है।
जीत के बावजूद हो रही आलोचना (FIFA World Cup 2026 Kylian Mbappe)
यह आलोचना ऐसे समय पर आई है जब फ्रांस की टीम उत्तरी आयरलैंड के खिलाफ वॉर्म-अप मैच में 3-1 की जीत के बावजूद अपने डिफेंस और टीम केमिस्ट्री को लेकर संघर्ष करती दिख रही है। स्पोर्ट्स वेबसाइट स्पोर्ट्सबूम को दिए एक इंटरव्यू में फ्रैंक लेबोफ ने साफ तौर पर कहा कि व्यक्तिगत रूप से महान होने और एक अच्छा लीडर होने में बड़ा अंतर होता है।

किलियन एम्बाप्पे को बताया स्वार्थी
लेबोफ ने कहा कि किलियन एम्बाप्पे मेरे लिए एक कप्तान या लीडर नहीं हैं, क्योंकि वे अपने विचारों में बेहद स्वार्थी हैं। मैं उन्हें व्यक्तिगत तौर पर ज्यादा नहीं जानता, लेकिन फुटबॉल को लेकर उनकी जो सोच है, वह खेल के प्रति मेरे मूल्यों से मेल नहीं खाती। पूर्व डिफेंडर ने एम्बाप्पे की तुलना में टीम के अन्य खिलाड़ियों जैसे विलियम सलीबा, एनगोलो कांटे और एंटोनी ग्रीजमैन की तारीफ की जो हमेशा खुद से पहले टीम को आगे रखते हैं।
आयरलैंड के खिलाफ मैच के बाद उठे सवाल
यह विवाद आज यानी 9 जून को फीफा वर्ल्ड कप से ठीक पहले खेले गए एक फ्रेंडली मैच के बाद और गहरा गया। हालांकि फ्रांस ने उत्तरी आयरलैंड को 3-1 से हरा दिया, जिसमें माइकल ओलिस ने शानदार हैट्रिक लगाई, लेकिन कप्तान के तौर पर एम्बापे का प्रदर्शन और टीम को साथ लेकर चलने का रवैया आलोचकों के निशाने पर रहा।
वर्ल्ड रिकॉर्ड के करीब हैं एम्बापे, पर क्या टीम जीतेगी?
एम्बाप्पे ने अब तक फ्रांस के लिए 94 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 56 गोल किए हैं। पिछले दो वर्ल्ड कप (2018 और 2022) में उनके नाम 12 गोल दर्ज हैं। इस वर्ल्ड कप में यदि वे 4 गोल और कर लेते हैं तो वे जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोस के ऑल-टाइम वर्ल्ड कप रिकॉर्ड (16 गोल) की बराबरी कर लेंगे। रियल मैड्रिड के लिए भी इस सीजन (2025-26) ला लीगा के 32 मैचों में उन्होंने 20 गोल और 4 असिस्ट किए हैं। व्यक्तिगत आंकड़े शानदार हैं, लेकिन मुख्य सवाल यही है कि क्या वे अपने इस व्यक्तिगत प्रदर्शन को टीम की सामूहिक सफलता में बदल पाएंगे?















Click it and Unblock the Notifications